"2027 की नहीं, अगली पैदाइश की तैयारी करें, इस जन्म में नहीं जीत पाएंगे"-अखिलेश के वाराणसी दौरे पर बोले ओपी राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विभिन्न पक्षों पर तीखा हमला बोला.
लखनऊ/बलिया:सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. मीडिया को दिए बयान में राजभर ने राहुल गांधी को घुसपैठियों का समर्थक बताया तो अखिलेश यादव को 2027 नहीं बल्कि अगली पैदाइश की तैयारी करने की नसीहत दे डाली.
लोकतंत्र बचाओ यात्रा में शामिल होगी सुभासपा
राजभर ने बताया कि भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा' लखनऊ में निकलेगी, जिसके मुख्य अतिथि पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान होंगे. उन्होंने कहा, "विपक्ष जिस तरह लोकतंत्र का मजाक उड़ा रहा है और देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रहा है, इन लोगों के आंदोलन से व्यापारी और आम आदमी परेशान है. इसीलिए सत्ता पक्ष लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ कार्यक्रम कर रहा है. सहयोगी दल के तौर पर हम निश्चित तौर पर शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में सहयोगी दल शामिल होंगे.
राहुल गांधी पर पलटवार - "विपक्ष घुसपैठियों के सहारे जिंदा"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा SIR के मुद्दे पर राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती और घुसपैठियों को बचाने के आरोप पर राजभर ने अमित शाह का समर्थन किया. ओपी राजभर ने कहा, "विपक्ष घुसपैठियों के सहारे ही जिंदा रहता है, वो हमेशा घुसपैठियों की ही बात करता है, उनका समर्थन करता है। "वहीं राहुल गांधी द्वारा PM मोदी पर विदेशी मदद से सत्ता में आने के आरोप पर उन्होंने कहा, "कांग्रेस के जिम्मे कोई काम तो है नहीं। सिर्फ आरोप लगाना है, प्रमाण देना जानते ही नहीं। जब सबूत माँगा जाता है तो भाग खड़े होते हैं।" हुमायूं कबीर के बयान पर उन्होंने कहा, "वो मस्जिद बनाएं और अनुमति लेकर करें। वो हाईवे जाम करेंगे तो पुलिस वाले उन्हें वहीं उलट देंगे।"
अखिलेश के बनारस दौरे पर तंज - "अगली पैदाइश की तैयारी करें"
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आज के बनारस दौरे पर पूछे गए सवाल पर राजभर ने तंज कसा. पहले उन्होंने कहा, "नेता हैं तो बनारस नहीं जाएंगे तो कहां जाएंगे? जा रहे हैं, लोगों से मिलेंगे-जुलेंगे।"लेकिन जब 2027 की तैयारी से जोड़कर सवाल पूछा गया तो राजभर ने कहा-"सत्ताईस में नहीं, अगली पैदाइश की तैयारी करें। इस जन्म में नहीं।"बता दें, हाल ही में बनारस की दोनों लोकसभा सीटों पर सपा गठबंधन को जीत मिली थी, जिसके बाद अखिलेश का यह दौरा अहम माना जा रहा है.
शालिनी सिंह ने बृजभूषण को क्यों दिया हेलिपैड का तोहफा? जानिए कौन हैं ये महिला?
घर जाने की टेंशन खत्म! दिवाली पर लखनऊ से हर 10 मिनट में मिलेगी बस, देखें पूरे रूट्स की लिस्ट