पूर्वांचल पिछड़ा था, मुख्य धारा में लाने के लिए सीएम योगी प्रयासरत्न: ओम प्रकाश राजभर बोले- आजमगढ़ को सभी जातियों का गढ़ बनाएंगे
सुभासपा अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पूर्वांचल के 7 जिलों को विकसित करने का मेगाप्लान तैयार कर लिया है. आने वाले समय में आजमगढ़ भी सभी जातियों का गढ़ होगा.
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पूर्वांचल के विकास के लिए सरकार से 32 प्रोजेक्ट्स पर सहमति बनी है. 5 हजार करोड़ रुपये खर्च कर पूर्वांचल की तस्वीर बदली जाएगी. पूर्वांचल के 7 जिलों में अलग-अलग इंडस्ट्रियल और एजुकेशन हब विकसित होंगे. उन्होंने कहा कि योगी सरकार की स्पष्ट नीति है कि प्रदेश के विकास लिए चाहे फोरलेन की सड़क हो, एक्सप्रेसवे हो, चाहे लिंक एक्सप्रेसवे हो, सरकार प्रतिबद्ध है.
आजमगढ़ सपा का गढ़ था
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पहले आजमगढ़ को सपा का गढ़ कहा जाता था, लेकिन योगी सरकार ने आज आजमगढ़ में यूनिवर्सिटी खोलने का काम किया. ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी का सपना है कि शिक्षा से कोई वंचित न रह जाए, इसलिए प्राइमरी व सरकारी स्कूल के बच्चों के अभिभावक के खातों में सीधे 1200 रुपये भेजे जा रहे हैं.
पूर्व की सरकार ने सरकारी नौकरी के लिए तय किए थे रेट
उन्होंने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में देखा जाए तो सरकार भर्तियां कर रही है, जबकि पूर्व की सरकार में नौकरियों के दौरान शिवपाल एंड द कंपनी रेट तैयार करती थी. बिना पैसे सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी. ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पूर्वांचल लंबे समय से पिछड़ा था, पूर्वांचल के विकास के लिए तमाम उद्योगपतियों को आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा कार्य किए जा रहे हैं.
एक हजार एकड़ में टूरिज्म सिटी विकसित होगी
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उद्योगपति पहले नोएडा और गाजियाबाद में जाता था. सरकार की मंशा है कि पूर्वांचल के विकास के लिए अब वहां उद्योग लग रहे हैं. पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार मिल रहा है. उन्होंने कहा कि वाराणसी में 7 बड़े प्रोजेक्ट्स पर सरकार काम करने की तैयारी में है. गंगा किनारे 1000 एकड़ की टूरिज्म सिटी विकसित की जाएगी. रामनगर में 1000 एकड़ का मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा.
पूर्वांचल को मुख्य धारा में लाने के लिए सीएम प्रयासरत्न
मीरजापुर में भी 1000 एकड़ का इंडस्ट्रियल एरिया विकसित होगा. भदोही, सोनभद्र और मीरजापुर में भी बड़े औद्योगिक हब बनेंगे, जहां उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के अवसर खुलेंगे. उन्होंने कहा कि रोजगार से पूर्वांचल नई विकास की ऊंचाइयों को छुएगा. पूर्वांचल और आजमगढ़ में कई प्रोजेक्ट लगाने के लिए कैबिनेट में चर्चा हुई है. उन्होंने कहा कि पूर्वांचल पहले पिछड़ा था, उसे मुख्य धारा में लाने के लिए मुख्यमंत्री योगी हमेशा प्रयासरत्न हैं.
सभी जातियों का गढ़ बनाएंगे
कानून व्यवस्था को लेकर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बेबाक अंदाज में बोलते हुए कहा कि सपा की गुंडई चलती थी, जिसे योगी सरकार ने खत्म कर रही है. आजमगढ़ को सभी जातियों का गढ़ बनाएंगे. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में बड़ी रैली होने जा रही है.
(आजमगढ़ से वेदेन्द्र प्रताप शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : 26 जनवरी तक हर पांचवें दिन मिलेगा नियुक्ति पत्र, योगी सरकार ने बनाया एक लाख भर्तियों का लक्ष्य