SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

8 घंटे और 497 ट्रांजेक्शन: नोएडा की डिजिटल पेमेंट कंपनी के सर्वर में सेंध, हैकर्स ने 58 खातों में उड़ाए करोड़ों

Noida Cyber Crime: नोएडा सेक्टर-65 की डिजिटल पेमेंट कंपनी के सर्वर को साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया. हैकर्स ने 13 सितंबर को 8 घंटे के भीतर 497 फर्जी ट्रांजेक्शन करके करोड़ों रुपये 58 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए. कंपनी निदेशक राजकुमार की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Written By Pooja Singh
Published: Sep 17, 2026, 10:15 AM IST | Updated: Sep 17, 2026, 10:23 AM IST
Join

Noida Cyber Crime: साइबर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक सनसनीखेज मामला दिल्ली से सटे नोएडा से सामने आया है. बेखौफ हैकर्स ने सेक्टर-65 के एक नामी डिजिटल पेमेंट कंपनी के सर्वर में सेंधमारी कर करोड़ों रुपये की चपत लगा दी. शातिर अपराधियों ने महज आठ घंटे के भीतर 497 बार अवैध लेन-देन (Transactions) किया और पूरी रकम को 58 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया. घटना के बाद कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है.

कंपनी के निदेशक ने पुलिस से की शिकायत
जानकारी के अनुसार, पीड़ित कंपनी के निदेशक राजकुमार ने इस संबंध में साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी ऑनलाइन वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने का काम करती है. कंपनी के जरिए मुख्य रूप से मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज, बिल पेमेंट, आधार आधारित नकद निकासी (AEPS) और घरेलू मनी ट्रांसफर (DMT) जैसी सुविधाएं ग्राहकों को दी जाती हैं.

सर्वर हैक कर दिया घटना को अंजाम
शिकायत के मुताबिक, यह बड़ी हैकिंग 13 सितंबर को अंजाम दी गई. साइबर अपराधियों ने दोपहर करीब 12 बजे कंपनी के मेन सर्वर को हैक कर लिया और रात 10 बजे तक यानी करीब 8 घंटे के भीतर एक के बाद एक 497 अवैध ट्रांजेक्शन किए. हैकर्स ने सिस्टम की सुरक्षा प्रणाली (Security Systems) को भेदकर रकम को 58 अलग-अलग संदिग्ध बैंक खातों में भेज दिया, जिससे कंपनी को करोड़ों रुपये का बड़ा वित्तीय नुकसान हुआ है. इस कंपनी की स्थापना फरवरी 2024 में हुई थी.

पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी
जब तक कंपनी के तकनीकी अधिकारियों को इस संदिग्ध लेन-देन का पता चला और वे सर्वर को नियंत्रित कर पाते, तब तक साइबर ठग अपने मंसूबों में कामयाब हो चुके थे. मामले की जानकारी मिलते ही कंपनी प्रबंधन की ओर से राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर करीब 10 अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नोएडा साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है.

58 बैंक खातों की पूरी कुंडली खंगाल रही पुलिस
पुलिस की एक विशेष तकनीकी टीम उन सभी 58 बैंक खातों की पूरी कुंडली खंगाल रही है, जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई है. इसके साथ ही, जिन आईपी एड्रेस (IP Address) का इस्तेमाल सर्वर को हैक करने के लिए किया गया था, उन्हें भी ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही बैंक खातों को फ्रीज कराकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES