क्या तोड़ा जाएगा नोएडा का सबसे व्यस्त एलिवेटेड रोड? 23 दिनों से बंद रास्ते पर वैज्ञानिकों ने दिया बड़ा झटका, पढ़ें इनसाइड स्टोरी
नोएडा एलिवेटेड रोड के गर्डर में बड़ा फॉल्ट मिला है. 23 दिनों से बंद रास्ते पर आईआईटी रुड़की की टीम गर्डर तोड़ने की सिफारिश कर सकती है.
नोएडा की लाइफलाइन कहे जाने वाला 4.8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड 'बीमार' चल रहा है. पिछले तीन हफ्तों से सेक्टर-60 से सेक्टर-18 की तरफ सफर करना किसी बड़े इम्तिहान से कम नहीं है. ऑफिस जाने की जल्दी हो या शाम को घर लौटने की भागदौड़, नीचे की सड़कों पर लगने वाले भयंकर जाम ने हर किसी का पसीना छुड़ा दिया है. नोएडा एलिवेटेड रोड को लेकर अब जो अपडेट सामने आया है, वह आपकी टेंशन को कई गुना ज्यादा बढ़ा सकता है. जी को मिली जानकारी के अनुसार नोएडा एलिवेटेड रोड के गार्डर में बड़ा फाल्ट मिला है. हालात इतने गंभीर हैं कि अब सिर्फ मामूली मरम्मत से काम चलने वाला नहीं है.. उस पूरे हिस्से को तोड़कर दोबारा बनाने की नौबत आ सकती है. आइये आपको बताते हैं पिछले 23 दिनों से बंद इस रास्ते के पीछे की पूरी इनसाइड स्टोरी.
क्यों बंद हुआ रास्ता
इसकी शुरुआत 18 अक्टूबर को हुई थी. जब सेक्टर-60 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली एलिवेटेड रोड की एक लेन पर अचानक एक गड्ढा उभर आया. शुरू में लोगों को लगा कि यह सड़क की ऊपरी परत की कोई मामूली दिक्कत होगी. जिसे दो-चार दिन में पैच वर्क करके ठीक कर दिया जाएगा. लेकिन जब अधिकारियों ने मौका मुआयना किया तो मामला कुछ और ही निकला. सुरक्षा कारणों को देखते हुए 21 अक्टूबर से इस पूरी लेन पर गाड़ियों की आवाजाही को पूरी तरह बंद कर दिया गया. आज इस रास्ते को बंद हुए पूरे 23 दिन बीत चुके हैं. लाखों वाहन चालक हर दिन धूल और जाम से जूझने को मजबूर हैं.
आईआईटी रुड़की और अमेरिकी विशेषज्ञों की हाई-टेक जांच
मामले की गंभीरता को समझते हुए नोएडा अथॉरिटी ने कोई रिस्क नहीं लिया और इसकी तकनीकी जांच का जिम्मा देश के जाने-माने संस्थान आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) को सौंपा. इस खास साइंटिफिक टीम का नेतृत्व प्रोफेसर एस सी माने कर रहे हैं. जांच को और ज्यादा सटीक बनाने के लिए आईआईटी रुड़की की टीम ने अमेरिका के विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम किया. टीम ने सड़क के अंदरूनी हिस्से और स्ट्रक्चर की मजबूती जांचने के लिए आधुनिक 'अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स' तकनीक का इस्तेमाल किया. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि सड़क का एक कंक्रीट पैनल काफी कमजोर हो चुका है. लेकिन जब गहराई से पड़ताल हुई तो गर्डर में बड़ा फॉल्ट होने की बात सामने आई.
रिपेयरिंग के बजाय गर्डर तोड़ने की हो सकती है सिफारिश
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने आईआईटी की टीम से इस फॉल्ट को रिपेयर करने यानी मरम्मत करने के विकल्प पर बात की थी, ताकि रास्ते को जल्द से जल्द खोला जा सके. लेकिन अंदरखाने से मिल रही खबरों के मुताबिक साइंटिस्ट्स की टीम का मानना है कि यह खामी इतनी बड़ी है कि इसे सिर्फ रिपेयर करके सुरक्षित नहीं बनाया जा सकता. सूत्रों का कहना है कि आईआईटी रुड़की की टीम इस खराब गर्डर को पूरी तरह तोड़कर नए सिरे से बनाने की सिफारिश कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो इस काम को पूरा करने में कई महीनों का लंबा वक्त लग सकता है. इतना ही नहीं सूत्रों के हवाले से यह भी आशंका जताई जा रही है कि जांच के दायरे में एक से ज्यादा गर्डर भी खराब निकल सकते हैं. जो प्राधिकरण के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं होगा.
रिपोर्ट मिलने का इंतजार
फिलहाल मौके पर मरम्मत या पुनर्निर्माण का कोई भी काम शुरू नहीं हो पाया है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि नोएडा अथॉरिटी को अभी तक आईआईटी रुड़की की फाइनल आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है. जानकारी के मुताबिक साइंटिस्ट्स की टीम अपनी टेक्निकल रिपोर्ट तैयार कर चुकी है और बस रिपोर्ट नंबर अलॉट होने का इंतजार कर रही है. जैसे ही यह औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी.. टीम अपनी फाइनल रिपोर्ट अथॉरिटी को सौंप देगी. इस रिपोर्ट के मिलते ही यह साफ हो जाएगा कि आगे का एक्शन प्लान क्या होगा और कितने हिस्सों को तोड़ने की जरूरत पड़ेगी.
नीचे की सड़कों पर रेंग रहा ट्रैफिक
एक तरफ जहां फाइलों और रिपोर्ट का इंतजार चल रहा है.. वहीं दूसरी तरफ आम जनता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. एलिवेटेड रोड की एक लेन बंद होने का सीधा असर नीचे की सर्विस रोड और मुख्य चौराहों पर पड़ रहा है. सेक्टर-60 से लेकर सेक्टर-18 की तरफ जाने वाले सभी वाहनों को डायवर्ट करके नीचे की सड़कों से गुजारा जा रहा है. इसका नतीजा यह है कि सुबह और शाम के पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं. जिस सफर को तय करने में पहले महज 5 से 7 मिनट लगते थे. अब उसी दूरी को पार करने में लोगों के आधे से पौन घंटे बर्बाद हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें : 10 दिन बंद रहेगी नोएडा की एलिवेटेड रोड: बार-बार गड्ढे क्यों? जांच करने पहुंची IIT की टीम