)
नोएडा: नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा एक बार फिर सेहत के लिए खतरा बन गई है. शहर के कई इलाकों में AQI 300 के पार चला गया है. सबसे बुरे हालात सेक्टर-62 के हैं, जहां AQI 423 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. सुबह-शाम छाई धुंध और बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
प्रदूषण निगरानी केंद्रों के ताजा आंकड़ों के मुताबिक
सेक्टर-62: 423 - गंभीर
सेक्टर-150: 349 - बेहद खराब
सेक्टर-110: 347 - बेहद खराब
सेक्टर-39: 324 - बेहद खराब
सेक्टर-116: 251 - खराब
सेक्टर-125: 239 - खराब
सेक्टर-1: 235 - खराब
सेक्टर-62 की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है. इसके बाद सेक्टर-150, 110 और 39 में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है.
प्रदूषण सिर्फ नोएडा तक सीमित नहीं है. ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में भी AQI 300 के आसपास बना हुआ है. सुबह और शाम के वक्त धुंध के साथ प्रदूषण का असर और ज्यादा महसूस हो रहा है.
खराब हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा-सांस के मरीजों पर पड़ रहा है.
लक्षण जो दिख रहे हैं- आंखों में जलन, गले में खराश, लगातार खांसी और सांस लेने में दिक्कत हो रही है.
बाहर निकलें तो N95 मास्क जरूर लगाएं
सुबह की सैर और आउटडोर एक्सरसाइज से बचें
सांस में दिक्कत हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
फिलहाल नोएडा-ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण से राहत के आसार नहीं दिख रहे. अब सबकी नजरें प्रदूषण नियंत्रण विभाग के कदमों और मौसम में बदलाव पर टिकी हैं.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरी तरह बदल गया है. बारिश तो इन दिनों नहीं हो रही है, लेकिन ठंड लगातार बढ़ती नजर आ रही है. दूसरी तरफ ठंड के साथ प्रदूषण भी तेजी से बढ़ रहा है. कई ऐसे इलाके हैं, जहां पर AQI 500 के पास रहा है. ऐसे में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है. इसका असर दिल्ली एनसीआर में देखने को मिल रहा है. आने वाले दिनों में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के आसपास है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के आसपास है.