)
जौनपुर में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को 3650 करोड़ रुपये की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इनमें 3210 करोड़ रुपये की तीन बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 509 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है.
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जौनपुर शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है. साथ ही आसपास के जिलों और प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान होगा. जौनपुर में मुंगराबादशाहपुर बाईपास की मांग लंबे समय से की जा रही थी. अब बाईपास का निर्माण होने से ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी.
नितिन गडकरी ने इन परियोजनों की दी सौगात
करीब 4 किलोमीटर लंबे बाईपास पर 198 करोड़ रुपये खर्च होंगे. यह कोदहूं के पास से शुरू होकर नगर के बाहर नौवाडांडी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा. इसे 22 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है.
जिला मुख्यालय पर स्मृति लता मंगेशकर चौराहे से पचहिया तक 5 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा. इस पर 75 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसे 31 मार्च 2028 तक पूरा किया जाना है.
कुत्तूपुर तिराहे से सरायख्वाजा स्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक 12 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा. इस परियोजना पर 128 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसे 31 दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए मड़ियाहूं नगर में 1.5 किलोमीटर लंबा दो लेन आरओबी बनाया जाएगा. इस पर 92 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसे 30 जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है.
यहां 227 मीटर लंबे दो लेन पुल का निर्माण कराया जाएगा. इस पर 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे 29 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है.

इनके अलावा 3210 करोड़ रुपये की तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया है. इनमें 627 करोड़ रुपये की मछलीशहर-भदोही सड़क, 1505 करोड़ रुपये की रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड तथा 1078 करोड़ रुपये की जगतपुर-बाबूगंज-ऊंचाहार-अलापुर फोरलेन परियोजना शामिल हैं. इन सड़क परियोजनाओं से जौनपुर के अलावा प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली और भदोही के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि जौनपुर में सड़क कनेक्टिविटी से आम लोगों को राहत मिलेगी. इन परियोजनाओं को धरातल पर उतरने के बाद जौनपुर शहर का विकास तेजी से होगा. शहर के लिए ये बहुत बड़ी सौगात है. जौनपुर और आसपास जिले की जनता को सुगमता होगी. तेजी से कार्य किया जा रहा है. निर्धारित समय में काम पूरा करने की कोशिश की जाएगी.
(जौनपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट)