)
Gulveer Singh Grandmother Dance Video Viral/ मनीष शर्मा: एशियाई खेलों (Asian Games) के मंच पर भारत का परचम लहराते हुए अलीगढ़ के होनहार लाल और भारतीय सेना में नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने देश और अपने जिले का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है. गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ स्पर्धा में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया. उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि 28 मिनट 29.38 सेकंड के बेहतरीन समय में रेस पूरी करके हासिल की. जैसे ही गुलवीर के पदक जीतने की खबर उनके पैतृक गांव सिरसा पहुंची, पूरा इलाका जश्न के माहौल में डूब गया.
गांव सिरसा में जश्न का माहौल, बांटी गई मिठाइयां
गुलवीर की इस सफलता के बाद उनके गांव सिरसा में चारों ओर खुशी की लहर दौड़ गई. परिजन, रिश्तेदार और गांव के लोग बड़ी संख्या में गुलवीर के घर पहुंचे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक क्षण की बधाई दी. पूरे गांव में जीत का जश्न मनाया गया.
सांस फूलने के बावजूद खुशी में झूमीं दादी
गुलवीर की इस कामयाबी के बाद सबसे भावुक नजारा उनके घर पर देखने को मिला. अपने पोते के देश का नाम रोशन करने की खबर मिलते ही 80 साल से अधिक उम्र की दादी गैंदो देवी खुद को रोक नहीं सकीं. खुशी के इस माहौल में दादी गैंदो देवी ने परिजनों के साथ जमकर डांस किया.
डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अधिक उम्र होने के कारण सांस फूलने के बावजूद उनके चेहरे पर पोते की जीत का गर्व साफ झलक रहे थे. दादी के इस डांस का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, वैसे ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, जिसे लोग बेहद पसंद कर रहे हैं. साथ ही साथ अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं.
1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़ में भी पदक की उम्मीदें
इस सफलता के बाद गुलवीर सिंह के परिवार और देशवासियों की उम्मीदें और अधिक बढ़ गई हैं. मां लक्ष्मी देवी और दादी गैंदो देवी ने अपने लाडले को शुभकामनाएं देते हुए आगे के मुकाबलों के लिए अपना आशीर्वाद दिया है. परिवार को पूरी उम्मीद है कि गुलवीर आगामी 1500 मीटर हीट और 5,000 मीटर दौड़ स्पर्धा में भी अपनी गति का जलवा बिखेरते हुए देश की झोली में और पदक डालेंगे.
अब हर किसी की निगाहें 5,000 मीटर और 1,500 मीटर दौड़ पर टिकी हैं, जहां गुलवीर से एक और मेडल की उम्मीद है.