App

चंद्रशेखर का मायावती पर पलटवार: बसपा सुप्रीमो डरने वालों में नहीं, बीजेपी पर भी बोला हमला

Bareilly News: चंद्रशेखर आजाद ने बसपा सुप्रीमो मायावती के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक इतिहास सभी के सामने हैं. मायावती ने बीजेपी की सरकार बनाने में समर्थन किया था.

चंद्रशेखर का मायावती पर पलटवार: बसपा सुप्रीमो डरने वालों में नहीं, बीजेपी पर भी बोला हमला
Image Credit: Chandrashekhar Azad

अजय कश्यप/बरेली: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद बुधवार को बरेली पहुंचे. इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सरकार को युवाओं, गरीबों, दलितों और मुसलमानों के मुद्दों पर पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है.

युवाओं के साथ धोखा हो रहा 
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि देश में 52 फीसदी युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है. युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर बेरोजगारी की समस्या बनी हुई है. उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. साथ ही दलितों और मुसलमानों के खिलाफ अत्याचार के मामले भी सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी हर उस व्यक्ति और समाज के साथ खड़ी है, जिसके साथ अन्याय होगा.

देश में अभी न्याय व्यवस्था जिंदा 
चंद्रशेखर आजाद ने सहारनपुर और मुरादाबाद के मस्जिद प्रकरणों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी ऐसे मामलों में न्याय और संविधान के पक्ष में खड़ी रहेगी. उन्होंने न्यायपालिका पर विश्वास जताते हुए संभल मामले और गौतमबुद्धनगर की डीएम से जुड़े न्यायिक आदेशों का हवाला दिया. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अदालतों द्वारा जुर्माना लगाए जाने से यह संदेश मिलता है कि देश में अभी न्याय व्यवस्था जिंदा है और संविधान के रास्ते से न्याय की उम्मीद कायम है.

राजनीतिक दलों के बीच संवाद जरूरी 
इंडिया गठबंधन में आगे की रणनीति और संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला नहीं है. उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं है, लेकिन राजनीतिक दलों के बीच संवाद बना रहना चाहिए. इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि बैठक होनी चाहिए और सभी दलों के बीच बातचीत जारी रहनी चाहिए.

मायावती पर पीएम मोदी के समर्थन में प्रचार करने का दावा 
समाजवादी पार्टी के पीडीए को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह फिलहाल आजाद समाज पार्टी की बात कर रहे हैं और पार्टी अपने संगठन तथा राजनीतिक मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रही है. बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा आजाद समाज पार्टी और चंद्रशेखर आजाद को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि राजनीतिक इतिहास सभी के सामने हैं. उन्होंने मायावती के भाजपा के साथ पूर्व में सरकार बनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में प्रचार करने का दावा करते हुए कहा कि इन बातों को भी जनता के सामने देखा जाना चाहिए.

कमजोर और वंचित लोगों की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे 
आजाद समाज पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से डरने के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मायावती डरने वालों में से नहीं हैं और डरने की कोई बात भी नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई स्थिति आती है तो वह उनके साथ खड़े रहने को तैयार हैं. इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित और पीड़ित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाना है. उन्होंने कहा कि जहां भी अन्याय होगा, आजाद समाज पार्टी वहां अपनी आवाज बुलंद करेगी. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More