हिंदू बेटी का अपहरण, सलमान फरार: होटल में बंधक बनाकर पीटा, भागी तो सड़क पर पटका, VIDEO वायरल
मेरठ में सलमान पर हिंदू युवती को होटल में बंधक बनाकर रखने और मारपीट करने का आरोप है. युवती के मुताबिक, वह सुबह होटल से भागी तो आरोपी ने सड़क पर पटक दिया. घटना का CCTV वीडियो वायरल है. पुलिस ने युवती की शिकायत लेकर कार्रवाई शुरू की है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक होटल में युवती को बंधक बनाकर रखने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. इस घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक युवती को पकड़कर होटल की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है. युवती किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर सड़क पर भागती है, लेकिन युवक उसका पीछा कर उसे जमीन पर पटक देता है. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवती को बचाया. आरोपी की पहचान सलमान के रूप में बताई जा रही है.
होटल से भागी युवती को सड़क पर पटकने का VIDEO वायरल
वायरल CCTV फुटेज के मुताबिक, घटना 24 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे की है. वीडियो में युवती होटल से बाहर निकलकर सड़क की तरफ भागती दिखाई देती है. इसी दौरान युवक उसका पीछा करता है और उसे पकड़कर जमीन पर गिरा देता है. आरोप है कि युवक युवती को जबरन वापस होटल के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा था.
वीडियो में कुछ लोग मौके पर पहुंचते और युवती को बचाते दिखाई देते हैं. स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे आरोपी से छुड़ाया. इस दौरान होटल के मैनेजर और कर्मचारियों पर आरोपी को वहां से भगाने का आरोप भी लगाया गया है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
युवती का आरोप- रातभर होटल में बंधक बनाकर रखा
घटना के बाद युवती ने आरोप लगाया कि उसे पिछली रात से होटल में बंधक बनाकर रखा गया था. युवती के मुताबिक, रात में भी उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई. सुबह उसने किसी तरह होटल से निकलकर भागने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उसका पीछा किया और सड़क पर पकड़कर बालों से खींचते हुए जमीन पर पटक दिया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. कुछ लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी पुलिस कार्रवाई की मांग भी उठाई.
पुलिस ने युवती को सुरक्षित थाने पहुंचाया
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस युवती को सुरक्षित थाने लेकर आई और उसकी शिकायत प्राप्त की. अधिकारियों ने बताया कि मामले में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सलमान पर आरोप, होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच
वीडियो में रिपोर्टिंग के दौरान आरोपी का नाम सलमान बताया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इसमें सलमान पर लगे आरोपों के साथ होटल के मैनेजर और कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
Reporter- पारस गोयल