App

मेन्यू पर उंगली रखो और पाओ स्वादिष्ट खाना, चीन का ऐसा अनोखा रेस्टोरेंट जहां बिना कुछ बोले इशारों में होता है खाना ऑर्डर

चीन के ताइयुआन में एक सुनने में असमर्थ कपल अनोखा रेस्टोरेंट चला रहा है, जहां ग्राहक बिना बोले इशारों में ऑर्डर देते हैं. यह जोड़ा जरूरतमंदों को फ्री खाना भी खिलाता है.

मेन्यू पर उंगली रखो और पाओ स्वादिष्ट खाना, चीन का ऐसा अनोखा रेस्टोरेंट जहां बिना कुछ बोले इशारों में होता है खाना ऑर्डर
Image Credit: साइन लैंग्वेज और मुस्कान के जरिए चलता है चीन का यह वायरल रेस्टोरेंट (फाइल फोटो)

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में जब लोग एक-दूसरे से ठीक से बात तक नहीं कर पाते, तब चीन के एक कपल ने बिना शब्दों के ही लाखों लोगों का दिल जीत लिया है. इनका रेस्टोरेंट किसी आम होटल जैसा नहीं है, क्योंकि यहां खाना ऑर्डर करने के लिए आपको मुंह खोलने की जरूरत ही नहीं पड़ती. बस हाथ के इशारे, मेन्यू की तरफ उंगली और चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान ही काफी है.

सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसी कहानियां सामने आती हैं, जो हमें इंसानियत पर भरोसा करना सिखाती हैं. ऐसी ही एक बेहद प्यारी कहानी चीन से सामने आई है, जहां एक कपल अपने अनोखे रेस्टोरेंट की वजह से इंटरनेट पर छाया हुआ है. खास बात यह है कि इस रेस्टोरेंट में खाना ऑर्डर करने के लिए ग्राहकों को एक शब्द भी बोलने की जरूरत नहीं पड़ती. यहां सारा काम इशारों, साइन लैंग्वेज और प्यारी सी मुस्कान के साथ होता है.

कौन चलाता है यह अनोखा रेस्टोरेंट?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह खास रेस्टोरेंट चीन के शांक्सी प्रांत के ताइयुआन शहर में मौजूद है. इसका नाम 'चाओशान डेफ सिस्टर' है और यह अपने स्वादिष्ट स्टीम्ड राइस रोल्स के लिए जाना जाता है. इस रेस्टोरेंट को यिन यिंग और उनके पति फेंग याबिन मिलकर चलाते हैं. दोनों ही सुनने और बोलने में असमर्थ हैं, लेकिन उन्होंने अपनी इस कमी को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने एक ऐसा माहौल तैयार किया है, जहां किसी को भी बातचीत करने में कोई दिक्कत नहीं होती. ग्राहक दीवार पर लगे चाइनीज साइन लैंग्वेज चार्ट की मदद लेते हैं या फिर सीधे मेन्यू पर अपनी पसंदीदा डिश की तरफ उंगली दिखाकर ऑर्डर कर देते हैं.

जरूरतमंदों को खिलाते हैं मुफ्त खाना

इस कपल की दरियादिली सिर्फ अच्छा खाना परोसने तक ही सीमित नहीं है. खबर में यह भी था कि यिन और फेंग ने अपने रेस्टोरेंट में ऐसे अन्य लोगों को भी नौकरी दी है, जो सुन नहीं सकते. इससे उन लोगों को एक सुरक्षित और सपोर्टिव माहौल में काम करने का मौका मिल रहा है. इसके अलावा, यह जोड़ा उन लोगों को बिल्कुल मुफ्त खाना खिलाता है, जो पैसे देने में सक्षम नहीं हैं. इनमें सुनने में असमर्थ छात्र और शहर की सफाई करने वाले सफाईकर्मी शामिल हैं. कपल का मानना है कि समाज से उन्हें जो प्यार और मदद मिली है, वे उसे दूसरों तक पहुंचाना चाहते हैं.

एक इन्फ्लुएंसर के वीडियो ने बदल दी तस्वीर

इस रेस्टोरेंट की चर्चा पूरी दुनिया में तब शुरू हुई, जब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वहां खाना खाने पहुंचा. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, उस इन्फ्लुएंसर ने कपल से कहा कि उसके पास खाने के पैसे नहीं हैं. यह सुनकर कपल ने बिना किसी हिचकिचाहट के उसे न सिर्फ पेट भरकर फ्री खाना खिलाया, बल्कि काउंटर में रखे कुछ पैसे भी निकालकर उसकी मदद के लिए दे दिए. इस जोड़े की ऐसी निस्वार्थ भावना देखकर इन्फ्लुएंसर भावुक हो गया. उसने बाद में इनकी कहानी सोशल मीडिया पर शेयर की और तोहफे के तौर पर इस कपल का एक खूबसूरत स्केच भी बनाकर दिया.

आज यह रेस्टोरेंट प्यार, अपनापन और इंसानियत की एक बड़ी मिसाल बन चुका है. यह कहानी हमें सिखाती है कि किसी की मदद करने या दिल की बात कहने के लिए बड़े-बड़े शब्दों की नहीं, बल्कि एक साफ दिल और प्यारी सी मुस्कान की जरूरत होती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More