)
Meerut Ravi Bank Fraud: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक परिवार को अपने बेटे की शादी के दिन उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब बारात में बैंड-बाजे की व्यवस्था करने वाला संचालक ही नहीं पहुंचा. परिवार ने करीब एक महीने पहले बेगम बाग स्थित रवि बैंड के साथ 82 हजार रुपये में पैकेज तय किया था. बुकिंग के दौरान 30 हजार रुपये और बाद में 10 हजार रुपये एडवांस भी जमा करा दिए गए. दोनों भुगतानों की रसीद भी परिवार के पास है.
इसके बावजूद 21 नवंबर को जब बारात निकालने का समय आया तो बैंड संचालक और उसके मैनेजर का फोन बंद मिला. परिवार ने बैंड के कार्यालय पहुंचकर भी पता किया, लेकिन वहां कोई व्यवस्था नहीं मिली. आखिरकार दूसरे इंतजाम करके बारात निकालनी पड़ी. अब इस मामले में तीन अन्य परिवारों ने भी इसी तरह एडवांस लेकर सेवा नहीं देने के आरोप लगाए हैं.
82 हजार रुपये में तय हुआ था बैंड का पैकेज
मामला गंगानगर के न्यू मीनाक्षीपुरम निवासी निशांत सागर के परिवार से जुड़ा है. निशांत के बड़े भाई प्रशांत सागर की शादी 21 नवंबर को थी. शादी समारोह में बैंड-बाजे की व्यवस्था के लिए परिवार ने बेगम बाग स्थित रवि बैंड के संचालक ऋतिक ठाकुर से संपर्क किया था.
निशांत के मुताबिक, बातचीत के बाद 82 हजार रुपये में पूरा पैकेज तय हुआ. इसके बाद 9 सितंबर को उनके पिता उमेश चंद ने संचालक को 30 हजार रुपये एडवांस दिए. बुकिंग के करीब डेढ़ महीने बाद 24 अक्टूबर को ऋतिक ठाकुर का फोन आया. उसने 10 हजार रुपये और जमा कराने को कहा. परिवार ने उसी दिन यह रकम भी दे दी. इस तरह कुल 40 हजार रुपये एडवांस के तौर पर जमा हो गए.

बारात का समय आया तो संचालक का फोन बंद
परिवार के मुताबिक, बैंड संचालक ने बुकिंग के दौरान एक मैनेजर का मोबाइल नंबर भी दिया था. 21 नवंबर को शादी के दिन जब बारात निकालने की तैयारी होने लगी तो निशांत ने दोपहर में मैनेजर को फोन किया. काफी कोशिश के बाद भी कॉल रिसीव नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने बैंड संचालक ऋतिक ठाकुर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन भी बंद मिला. परिवार को उम्मीद थी कि कुछ देर में बैंड की टीम पहुंच जाएगी, लेकिन इंतजार के बावजूद कोई नहीं आया.
शाम तक इंतजार करता रहा परिवार, नहीं पहुंचा बैंड
शिकायत में बताया गया कि शाम 4 और 4:30 बजे फोन करने पर भी परिवार को बैंड और ढोल रास्ते में होने की बात कही गई. हालांकि, मैनेजर का मोबाइल नंबर तक उपलब्ध नहीं कराया गया. शाम करीब 5 बजे तक जब कोई व्यवस्था नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने मौके पर जाकर जानकारी ली. तब पता चला कि बैंड-बाजे की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी और संचालक सुबह से ही गायब था.
पीड़ित का आरोप है कि संचालक के परिजन भी लगातार फोन करने का दिखावा करते रहे और परिवार को झूठा आश्वासन देते रहे। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि संचालक ने उसी दिन तीन अन्य परिवारों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की थी.

कार्यालय पहुंचे तो वहां भी नहीं मिली व्यवस्था
फोन पर संपर्क नहीं होने के बाद परिवार के लोग बेगम बाग स्थित रवि बैंड के कार्यालय पहुंच गए. वहां जाकर पता चला कि बारात के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है. शादी का कार्यक्रम तय समय पर होना था और परिवार के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. आनन-फानन में दूसरे इंतजाम किए गए और किसी तरह बारात निकाली गई. निशांत का कहना है कि बुकिंग के लिए दी गई रकम की रसीदें उनके पास मौजूद हैं.
तीन और परिवारों ने भी लगाए ऐसे ही आरोप
निशांत सागर के मुताबिक, इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद तीन अन्य परिवारों ने भी उनसे संपर्क किया. इन परिवारों का भी आरोप है कि उन्होंने रवि बैंड की बुकिंग कराई थी और इसके लिए एडवांस रकम जमा की थी, लेकिन तय तारीख पर बैंड की व्यवस्था नहीं की गई. इसके बाद सोमवार को निशांत सागर ने लालकुर्ती थाने पहुंचकर तहरीर दी और मामले में कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से शादी की तैयारियों में जुटे दूसरे परिवारों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है.

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी के परिवार से संपर्क
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, एक परिवार की ओर से शिकायत मिली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के परिवार से भी संपर्क किया गया है. शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि बैंड संचालक की ओर से तय तारीख पर व्यवस्था क्यों नहीं की गई. वहीं, पीड़ित परिवार ने एडवांस में दी गई रकम और बुकिंग से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है.
