)
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक बार फिर से खाकी की दबगंई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. कानून की रक्षा करने वाली महिला पुलिस अधिकारी पर ही कानून हाथ में लेने का आरोप लगा है. राज्य साइबर पुलिस में तैनात महिला टीआई वर्षा सिंह पर अपने पति के घर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ और हंगामा का आरोप है.
बताया जा रहा है कि महिला टीआई वर्षा सिंह ने घर का दरवाजा तोड़ने के साथ-साथ ही गाली-गलौज भी की है. इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है. वहीं महिला टीआई के इस हंगामे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. यह पूरा मामला ग्वालियर जिले के माधवगंज थाना इलाके के 'सात भाई की गोठ' का बताया जा रहा है.
महिला टीआई ने की तोड़फोड़दरअसल, महिला टीआई वर्षा सिंह के पति उमेश यादव इनकम टैक्स विभाग में तैनात हैं. उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि वर्षा सिंह अपने पति के घर पहुंची, तो वहां पर जमकर हंगामा किया. इतना ही नहीं घर में तोड़फोड़ भी की. वहीं इस हंगामे का जब वीडियो सामने आया तो उसमें साफ दिख रहा है कि वह पत्थर से दरवाजा तोड़ ही है और गाली गलौज भी कर रही है. इस पूरे मामले के बाद मोहल्ले के लोग भी हैरान रह गए.
इस घटना के बाद पति उमेश यादव के परिजन और मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए. उन्होंने माधवगंज थाने में जाकर महिला टीआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि इस पूरे मामले की क्या सच्चाई है. इसके अलावा, महिला टीआई पर क्या कार्रवाई की जाती है.
ग्वालियर के SDOP रॉबिन जैन ने बताया कि माधवगंज इलाके में कुछ पति-पत्नी का आपस में कोई विवाद हो गया है. इसमें पत्नी ने अपने पति के घर जाकर कुछ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है, जिसमें पति की तरफ से भी कुछ बोला गया है. इसको लेकर दोनों पक्ष के आवेदन आए हैं. दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच करके वैधानिक कार्रवाई करेंगे. उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से अपनी-अपनी वीडियो को साक्ष्य के तौर पर पेश किया है. उसके आधार पर ही जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः करतार सिंह राजपूत, ग्वालियर)