App

मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में बड़ा फैसला: पत्नी और प्रेमी ने मिलकर उतारा मौत के घाट, शव के पास छोड़ा था सांप

Meerut News: मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में पिछले साल पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया था. हत्या को छिपाने के लिए पत्नी ने शव के पास सांप छोड़ दिया था.

मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में बड़ा फैसला: पत्नी और प्रेमी ने मिलकर उतारा मौत के घाट, शव के पास छोड़ा था सांप
Image Credit: AI Image

पारस गोयल/मेरठ: मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट अमित की पत्नी और उसके प्रेमी को हत्या का दोषी ठहराया है. पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले अमित की हत्या कर दी. इसके बाद सांप डंसने का पूरा नाटक रचा. 
 
यह है पूरा मामला 
दरअसल, बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव में 12 अप्रैल 2025 को अमित की हत्या कर दी गई थी. पत्नी रवीता ने सांप काटने से मौत होने का नाटक रचा. वहीं, अमित के परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अमित की पत्नी रवीता और उसके प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. बाद में अमरदीप को जमानत मिल गई.

अमित की पत्नी से थे प्रेम संबंध 
जिला शासकीय अधिवक्ता फरजाना मकसूद ने बताया कि अमरदीप और मृतक अमित दोनों एक साथ पत्थर लगाने का काम करते थे. इसी बीच रवीता के अमरदीप से प्रेम संबंध हो गए. अमरदीप का रवीता के घर आना-जाना शुरू हो गया. अमित की मां ने दोनों को घर में आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था. इसको लेकर काफी लड़ाई हुई. इसके बाद अमरदीप और रवीता ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.  

गला दबाकर की गई थी हत्या 
पिछले 12 अप्रैल की रात को अमित की हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शव के पास सांप छोड़ दिया गया, ताकि लगे अमित की मौत सांप के काटने से हुई है. पुलिस ने कॉल डिटेल से पूरी घटना का खुलासा किया. जिन सपेरों कृष्ण और प्रीतम से सांप लिया था, उन्होंने गवाही दी कि अभियुक्तों ने पूजा के बहाने सांप मांगा था. उन्हें नहीं पता था कि हत्या करके ड्रामा रचा जाएगा. वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई.

सांप क्यों मंगाया?
वकील ने बताया कि अभियुक्तों ने सपेरे से जानबूझकर घोड़ा पछाड़ सांप मांगा था, क्योंकि इसके काटने से इंसान मरता नहीं है. उन्हें डर था कि शव के पास छोड़ते वक्त सांप गलती से उन्हें ही न काट ले. बुधवार को कोर्ट ने दोनों को दोषी करार दिया है. सजा पर फैसला आना बाकी है. सरकारी पक्ष ने फांसी की सजा की मांग की है. 

12 गवाह कोर्ट में पेश किए गए 
फरजाना मकसूद ने बताया कि मामले में 12 गवाह कोर्ट में पेश किए गए. अमित का भाई मोनू और मां मुनेश भी गवाह थे. उन्होंने अदालत में अमरदीप को हत्या वाली रात घर में घुसते हुए देखा था. सपेरे ने भी अमरदीप की पहचान करते हुए बताया कि उन्होंने पैसे देकर सांप लिए थे. एक हजार रुपये देने की बात कही थी. बाकी पैसा बाद में देने को कहा था. कोर्ट ने पूरे मामले में अमरदीप और रवीता को दोषी ठहराया है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More