App

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जलकर मौत; 35 लोग थे सवार

Greater Noida bus accident: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात चलती स्लीपर बस में भीषण आग लग गई. हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई. बस हादसे में पुलिस ने तीन आरोपयों को गिरफ्तार किया है.

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जलकर मौत; 35 लोग थे सवार
Image Credit: Greater Noida bus accident

भूपेश/कपिल: ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. जेवर एयरपोर्ट के पास चलती स्लीपर एसी बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 9 यात्रियों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.  घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे और यह दिल्ली से महोबा जा रही थी. हादसा रात करीब 12 बजे जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ. आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.

खिड़कियों से कूदकर यात्रियों ने बचाई जान
आग तेजी से फैलने के बाद ड्राइवर ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया. इसके बाद कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. कुछ यात्री बस से कूद गए. एक यात्री के मुताबिक, वह सो रहा था, तभी किसी ने दरवाजा खटखटाकर उसे जगाया. बाहर निकलने के दौरान बस में इतना धुआं भर चुका था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. यात्री ने बताया कि बाहर निकलने के लिए लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो रही थी. कुछ लोग रास्ता बनाकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई यात्री अंदर ही फंस गए.

आग के दौरान पटाखे जैसी आवाजें आने का दावा
प्रत्यक्षदर्शियों और टोल कर्मचारियों के मुताबिक, आग लगने के बाद बस से कई बार पटाखे फूटने जैसी आवाजें सुनाई दीं. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह साफ नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं.  करीब चार-पांच फायर टेंडर और पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

आग की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक यातायात रोका गया.आग बुझने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात दोबारा शुरू कराया गया.

मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.  मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

पवन-विनोद और योगेश गिरफ्तार 
ग्रेटर नोएडा बस हादसे में पुलिस ने तीन आरोपयों को गिरफ्तार किया है. दो ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार किए गए हैं.

बस के दस्तावेजों को लेकर सामने आई जानकारी
बस संख्या BR 32 PA 8647 राज कल्पना ट्रैवल्स की है. दस्तावेजों के मुताबिक बस मध्य प्रदेश से संचालित है और नई दिल्ली के कश्मीरी गेट बस डिपो से चलती है. बस का पंजीकरण बिहार के मधुबनी जिले में किया गया है. वहीं बस का फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान से और प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी हुआ है.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बस में आग आखिर किस वजह से लगी और क्या बस में ज्वलनशील सामग्री या अन्य सामान मौजूद था. हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More