App

'रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगें, फिर आएं अयोध्या', महंत राजू दास की अखिलेश यादव को दो टूक

महंत राजू दास ने कहा कि अखिलेश यादव माफी मांगकर अयोध्या आएं, बिना माफी घुसने नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगें. साथ ही कृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर मत्था टेकने का भी न्योता दिया.

'रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगें, फिर आएं अयोध्या', महंत राजू दास की अखिलेश यादव को दो टूक
Image Credit: महंत राजू दास की अखिलेश यादव को दो टूक (Z News)

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या आगमन की चर्चा के बीच हनुमानगढ़ी के पुजारी महंत राजू दास ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने अखिलेश यादव से अयोध्या आने से पहले कृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर मत्था टेकने और रामभक्त कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना के लिए माफी मांगने की मांग की. राजू दास ने कहा कि अखिलेश अयोध्या आएं और उन कारसेवकों को श्रद्धांजलि दें, जिन पर मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में गोलियां चलवाई गई थीं. माफी मांगे बिना उन्हें अयोध्या में प्रवेश नहीं करने देने की बात भी कही. महंत राजू दास बाराबंकी के जहांगीराबाद क्षेत्र स्थित चतुर्भुज मंदिर, रामपुर धाम में आयोजित रामपुर महोत्सव 2026 में पहुंचे थे.

महंत राजू दास ने कहा कि भगवान राम सबके हैं और अखिलेश यादव दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या आ सकते हैं, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपने धर्म का पालन करने वाले रामभक्तों के सीने गोलियों से छलनी करना कहां का न्याय है? संविधान सभी को अपने धर्म को मानने का अधिकार देता है. ऐसे में अखिलेश को इस घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए.

वहीं, बाबा रामदेव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच कथित मतभेद के सवाल पर उन्होंने दोनों को महापुरुष बताया. कहा कि बाबा रामदेव दुनिया में भारतीय उत्पादों को स्थापित करने का काम कर रहे हैं, जबकि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जाति, भाषा, क्षेत्रवाद और ऊंच-नीच में बंटे हिंदू समाज को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं. दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और उनके बीच किसी तरह का विवाद नहीं है.

राजू दास ने कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की पैरवी करते हुए कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संकल्प के अनुरूप संतों ने मथुरा में बांके बिहारी के दर्शन किए और कृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर मंदिर निर्माण के लिए सनातनियों का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण में भेदभाव करने वाले लोग सनातन की भावना को नहीं समझते. दोनों किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि सभी के आराध्य हैं.

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए सड़क, नाली, चौदह कोसी, पंचकोसी और चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग, मंदिरों और कुंडों के सौंदर्यीकरण, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट का उल्लेख किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा शुरू किए जाने को भी सराहनीय बताया. उन्होंने कहा कि अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ का सत्ता में बने रहना जरूरी है.

रिपोर्ट: नितिन श्रीवास्तव

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More