)
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के खिलाफ बीजेपी ने भोपाल क्राइम ब्रांच में शिकायत की है. बीजेपी का आरोप है कि पीसी शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के वीडियो को तोड़-मरोड़कर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया. बीजेपी नेता राहुल कोठारी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने डीसीपी क्राइम ब्रांच अखिल पटेल को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है.
पाकिस्तान और चीन को लेकर गलत व्याख्या करने का आरोप
मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल कोठारी ने कहा कि एएनआई की ओर से जारी नितिन नवीन के वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो के जरिए भारत के पाकिस्तान और चीन के साथ संबंधों को लेकर गलत व्याख्या की गई. बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग ने इस मामले को पकड़ा.
वीडियो डिलीट हुआ, लेकिन स्क्रीनशॉट मौजूद
राहुल कोठारी ने दावा किया कि मामला पकड़ में आने के बाद वीडियो डिलीट कर दिया गया, लेकिन बीजेपी के पास वीडियो, स्क्रीनशॉट और उसका पूरा रिकॉर्ड मौजूद है. उन्होंने कांग्रेस पर झूठ बोलने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. कोठारी ने कहा कि नितिन नवीन के संबोधन को गलत तरीके से पेश कर दूसरे देशों के साथ भारत के रिश्तों में खटास डालने का प्रयास किया गया है. उन्होंने पीसी शर्मा के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की.
अनिल नागर की रिपोर्ट