App

बिहार की तरह यूपी में भी राहुल के साथ 'खेला'? सीट शेयरिंग के बीच अखिलेश ने उतारे 5 उम्मीदवार

सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच अखिलेश यादव ने यूपी की पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. अखिलेश के इस सियासी कदम के बाद बिहार चुनाव में तेजस्वी की पार्टी के ऐसे ही कदम से तुलना हो रही है.

बिहार की तरह यूपी में भी राहुल के साथ 'खेला'? सीट शेयरिंग के बीच अखिलेश ने उतारे 5 उम्मीदवार
Image Credit: ZEE Creatives.

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है. दोनों दलों के नेता गठबंधन को लेकर सकारात्मक बयान दे रहे हैं. अभी सीटों का बंटवारा तय भी नहीं हुआ है कि अखिलेश यादव ने पांच विधानसभा सीटों पर सपा के उम्मीदवार घोषित कर दिए. इनमें सहारनपुर की दो सीटें भी हैं.. जिन पर कांग्रेस की दावेदारी की चर्चा थी. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच कांग्रेस को अपनी राजनीतिक ताकत का संकेत दे दिया है? क्या यह बिहार में तेजस्वी यादव की पार्टी के उम्मीदवार घोषित करने वाले घटनाक्रम जैसा है?

बातचीत जारी और अखिलेश ने घोषित कर दिए पांच नाम

सपा ने 24 नवंबर को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की घोषणा की. कैराना से मौजूदा विधायक नाहिद हसन को फिर टिकट दिया गया है. बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है.

इन पांच नामों में सबसे ज्यादा चर्चा सहारनपुर की दो सीटों को लेकर है. कांग्रेस की ओर से सहारनपुर क्षेत्र में दावेदारी की जा रही थी. कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद का भी इन सीटों पर प्रभाव माना जाता है. अब सपा ने बेहट और सहारनपुर दोनों जगह अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. सहारनपुर से आशु मलिक को टिकट मिला है, जिन्हें इमरान मसूद का राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भी बताया जाता है.

यानी सीटों के बंटवारे पर बातचीत के बीच सपा ने उन सीटों पर भी अपने पत्ते खोल दिए हैं. जहां कांग्रेस अपनी दावेदारी पेश कर रही थी. इससे गठबंधन की बातचीत में इन सीटों को लेकर नया सवाल खड़ा हो सकता है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सपा ने इन सीटों को गठबंधन के लिए अंतिम रूप से अपने पास रखने का फैसला कर लिया है या बातचीत के दौरान कोई बदलाव संभव है.

बिहार में तेजस्वी की पार्टी ने भी ऐसा ही कदम उठाया था

इस घटनाक्रम की तुलना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से भी की जा रही है. वहां भी कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान सामने आई थी. दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही थी और सीटों पर सहमति सार्वजनिक नहीं हुई थी. इसी दौरान आरजेडी ने 20 अक्टूबर को 143 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी थी. इसमें तेजस्वी यादव का नाम भी शामिल था. पार्टी ने उन्हें राघोपुर से उम्मीदवार बनाया था.

आरजेडी की इस लिस्ट में पांच उम्मीदवार ऐसी सीटों पर भी उतारे गए थे, जहां महागठबंधन के दूसरे सहयोगी दलों के प्रत्याशी मैदान में थे. इससे गठबंधन के भीतर दोस्ताना मुकाबले और आपसी तालमेल को लेकर सवाल उठे थे. उस वक्त कांग्रेस भी अपनी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी थी. यानी बिहार में सीट शेयरिंग का औपचारिक समझौता सार्वजनिक होने से पहले ही सहयोगी दलों ने अपने उम्मीदवार घोषित करने शुरू कर दिए थे.

हालांकि बिहार और यूपी के घटनाक्रम में एक फर्क भी है. बिहार में आरजेडी ने नामांकन की आखिरी तारीख के दिन 143 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी. तब चुनाव की प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी थी. यूपी में अभी विधानसभा चुनाव में कई महीने बाकी हैं और सपा ने फिलहाल पांच उम्मीदवारों के नाम ही घोषित किए हैं. इसलिए दोनों घटनाओं को बिल्कुल एक जैसा नहीं कहा जा सकता. लेकिन सीट शेयरिंग के बीच सहयोगी दलों को भरोसे में लेने और उम्मीदवार घोषित करने की टाइमिंग जरूर चर्चा का विषय है.

130 सीटों की मांग और 26 सीटों के प्रस्ताव का पेंच

यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का विवाद सीटों की संख्या से भी जुड़ा है. कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की मांग रखी थी. बाद में उसने करीब 130 सीटों की लिस्ट सपा को सौंपी. इसके जवाब में सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया. इस प्रस्ताव में कांग्रेस की दो जीती हुई सीटें और चार ऐसी सीटें शामिल बताई गईं जहां पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी.

कांग्रेस को यह प्रस्ताव मंजूर नहीं है. पार्टी नेताओं की ओर से कहा गया है कि गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी जरूरी है. वहीं अखिलेश यादव का जोर जीतने की क्षमता पर है. उनका कहना है कि गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा यह देखना जरूरी है कि किस सीट पर किस दल का उम्मीदवार जीत सकता है.

ऐसे में पांच उम्मीदवारों की घोषणा को सीट शेयरिंग के इसी विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है. सपा यह संदेश देना चाहती है कि वह अपनी चुनावी तैयारी और उम्मीदवारों के चयन का फैसला खुद करेगी. दूसरी ओर कांग्रेस के लिए यह सवाल अहम हो गया है कि जिन सीटों पर वह अपनी दावेदारी कर रही है, वहां सपा पहले से उम्मीदवार घोषित कर दे तो गठबंधन में उसके लिए कितनी जगह बचेगी.

क्या अखिलेश कांग्रेस पर दबाव बना रहे हैं?

सपा के इस कदम के पीछे कई राजनीतिक वजहें हो सकती हैं. पहली यह कि पार्टी कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवारों को लेकर पहले से स्पष्टता चाहती है. दूसरी यह कि उम्मीदवारों की घोषणा कर सपा कांग्रेस को यह संकेत दे सकती है कि सीटों के बंटवारे में उसकी अपनी प्राथमिकताएं भी अहम रहेंगी. तीसरी वजह संगठनात्मक तैयारी हो सकती है. चुनाव से काफी पहले उम्मीदवार घोषित करने से प्रत्याशियों को अपने क्षेत्र में काम करने का समय मिल सकता है.

मसला यह है कि कांग्रेस भी गठबंधन की बात कर रही है. ऐसे में पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित होने के बाद यह देखना जरूरी होगा कि क्या सपा इन नामों पर समझौते की गुंजाइश रखती है या इन्हें अपने अंतिम उम्मीदवार मानकर आगे बढ़ती है.

राहुल के सामने सीटों के साथ सम्मानजनक हिस्सेदारी की चुनौती

कांग्रेस के लिए मुश्किल सिर्फ 26 सीटों के प्रस्ताव की नहीं है. पार्टी उन क्षेत्रों में भी अपनी राजनीतिक जमीन बचाना चाहती है जहां उसका संगठन और स्थानीय नेता सक्रिय हैं. सहारनपुर इसका एक उदाहरण बनकर सामने आया है. अगर कांग्रेस की दावेदारी वाली सीटों पर सपा अपने उम्मीदवार घोषित करती है तो दोनों दलों के बीच बातचीत और मुश्किल हो सकती है.

बिहार में सीट शेयरिंग के दौरान उम्मीदवारों की घोषणा से महागठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे. अब यूपी में भी बातचीत के बीच सपा की पांच उम्मीदवारों वाली लिस्ट ने गठबंधन के भीतर सीटों की दावेदारी को चर्चा में ला दिया है. फर्क इतना है कि बिहार में चुनाव सिर पर था.. जबकि यूपी में अभी बातचीत के लिए समय है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अखिलेश यादव की घोषित पांच सीटों पर कांग्रेस क्या रुख अपनाती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gunateet Ojha

Gunateet Ojha

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More