)
लखनऊ के थाना सआदतगंज के नौबस्ता कला के ब्राह्मणी टोला के ट्रिपल मर्डर केस ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. 26 अक्टूबर की सुबह चबूतरे के पास कार खड़ी करने के मामूली विवाद में पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने गोलियां बरसाईं, जिसने तीन जिंदगियों को लील लिया. इस घटना के बाद से इलाके में प्रशासनिक और पुलिस गतिविधियां तेज हो गई हैं. वारदात के बाद पुलिस के साथ-साथ एलडीए भी एक्शन मोड में है.
प्रदेश के डीजीपी ने खुद मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. मृतक की पत्नी ने कहा कि गोली मारने वाले को फांसी हो और फरार चाचा-बहन का एनकाउंटर हो.
ट्रिपल हत्याकांड के बाद प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ शिकंजा कस दिया है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम ETS मशीन के साथ आरोपी के घर और विवादित स्थल की पैमाइश करने पहुंची, जहां टीम ने नजूल भूमि की पैमाइश की. बताया जा रहा है कि अवैध निर्माण पर जल्द ही बुलडोजर की कार्रवाई हो सकती है.
इस वारदात के दिल दहला देने वाले वीडियो सामने आए हैं. एक वीडियो में आरोपी ऋषभ शुक्ला बेखौफ होकर हाथों में पिस्टल लिए शिवेंदु तिवारी उर्फ शंभू, उनके भाई शिवाजी तिवारी और भतीजे सुयश तिवारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाता नजर आ रहा है. खून से लथपथ तीनों जिंदगी के लिए तड़पते रहे, लेकिन दहशत के मारे कोई उन्हें बचाने आगे नहीं आया.
इस वायरल वीडियो में शिवेंदु की बेटी सुमेधा पापा-पापा चिल्लाती हुई अपने पिता को संभालने की कोशिश करती दिख रही है. ऋषभ एक मैगजीन खाली होने के बाद जेब से दूसरी मैगजीन निकालकर पिस्टल में लोड करता है और दोबारा गोलियां बरसाता है. इसके बाद वह फोन पर किसी से कहता है कि भैया गोली चल गई है... मेरी हेल्प कर दो. इस बीच किसी युवती 'आत्मरक्षा' का दावा करते हुए चिल्लाती सुनाई दे रही है.
एक दूसरे वीडियो में एक दारोगा आरोपी ऋषभ को दबोचकर ले जाता दिख रहा है, जिसके हाथ में ऋषभ की पिस्टल और मैगजीन है. इस मामले में पुलिस ने ऋषभ शुक्ला, राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं फरार चल रहे चाचा और भतीजी की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस की टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.
मृतकों का अंतिम संस्कार होने के बाद पीड़ित परिवार के मुखिया के फुफेरे भाई मनोज अवस्थी का कहना है कि परिवार सीएम योगी से मुलाकात कर आरोपियों के पूरे मकान पर बुलडोजर चलाने और सख्त सजा की मांग करेगा. पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और तनाव को देखते हुए प्रशासनिक गतिविधियां तेज हैं.
(लखनऊ से नंदन श्रीवास्तव की रिपोर्ट)