App

लखनऊ में 'अदृश्य जीव' का खौफ! सुई जैसा निशान, झाड़-फूंक का सहारा; एक युवक की हो चुकी है मौत

लखनऊ के मलिहाबाद स्थित रहमत नगर गांव में ग्रामीणों ने अदृश्य जीव के काटने का दावा किया है. शरीर पर निशान और झनझनाहट की शिकायतों से गांव में दहशत है.

लखनऊ में 'अदृश्य जीव' का खौफ! सुई जैसा निशान, झाड़-फूंक का सहारा; एक युवक की हो चुकी है मौत
Image Credit: Lucknow News

मयूर शुक्ला/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र में स्थित रहमत नगर गांव में अजीबोगरीब रहस्यमयी घटनाएं हो रही हैं. पिछले कुछ महीने से इस इलाके में एक अदृश्य जीव लोगों को अपना शिकार बना रहा है. ज़ी मीडिया की टीम इस रहस्यमई घटना की पड़ताल करने जब गांव पहुंची तो स्थानीय लोगों ने चौका देने वाले खुलासे किए.

सुई जैसा निशान और अचानक बिगड़ती तबीयत

गांव में पड़ताल के दौरान स्थानीय लोगों ने चौंकाने वाले दावे किए हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ महीने से एक अदृश्य जीव जंतु उन्हें अचानक से काटता है. जिसके बाद सुई जैसा निशान बन जाता है और कुछ देर में शरीर में झनझनाहट होती है. बीपी लो होने लगता है और पसीना बहने लगता है.

अस्पतालों से निराशा, बाबा-हकीम के पास जा रहे ग्रामीण

इस मामले का सबसे चिंताजनक पहलू इलाज को लेकर सामने आया है.  गांव की महिलाओं ने बताया कि जब अस्पताल डॉक्टर के पास पहुंचते हैं तो वह कहते हैं यह किसी सांप ने नहीं काटा न ही शरीर में कोई जहर है तो इलाज किस चीज का किया जाए. डॉक्टरों से स्पष्ट जवाब न मिलने के कारण ग्रामीण मजबूरी में झाड़-फूंक और जहर झड़वाने के लिए बाबा और हकीम के पास जा रहे हैं.

18 साल के पोते की मौत का भी दावा

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला दावा एक बुजुर्ग महिला ने किया है. उनका कहना है कि इसी रहस्यमयी जीव के काटने की वजह से उनके 18 साल के पोते की मौत हो गई. हालांकि, युवक की मौत का वास्तविक कारण क्या था, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

जंगल के बीच बसा है गांव, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

असल में रहमत नगर गांव जंगल के बीचो-बीच बसा है. यह वही इलाका है जहां पर हर साल तेंदुआ आने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं. यहां के लोग ज्यादातर खेती किसानी पर निर्भर हैं. यहां की अधिकांश आबादी मौर्य समाज से आती है. लोगों का आरोपा है कि कई महीनों से यह घटना हो रही है. लेकिन अभी तक सरकारी अमले का या स्वास्थ्य विभाग की कोई भी टीम या अधिकारी यहां हाल जानने नहीं पहुंचे हैं. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मेडिकल टीम भेजकर इस रहस्य से पर्दा उठाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

यहां के लोग दहशत में हैं. हर समय जीव काटने का डर रहता है बच्चों में डर का माहौल है. सवाल यह है कि आखिरकार कब तक यह स्थिति बनी रहेगी और लोग अदृश्य जीव के डर में जीवन यापन करते रहेंगे.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More