यूपी में बदलेगा शहरों के विकास का मॉडल, लखनऊ के सभी 662 गांव होंगे LDA के अधीन
यूपी में पहली बार पूरा जिला एक ही विकास प्राधिकरण के अधीन, LDA में शामिल होंगे 662 गांव; अवैध प्लॉटिंग पर लगेगी लगाम.
मयूर शुक्ला/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शहरी और नियोजित विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के कार्यक्षेत्र का विस्तार होने के बाद लखनऊ प्रदेश का पहला ऐसा जिला होगा, जिसका पूरा क्षेत्र एक ही विकास प्राधिकरण के अधीन आ जाएगा. इस विस्तार के तहत जिले के 178 पुराने और 484 नए गांवों को शामिल किया जाएगा. इसके बाद एलडीए के दायरे में कुल 662 गांव आ जाएंगे.
आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद इस प्रस्तावित विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. इसका उद्देश्य जिले में अनियोजित निर्माण और अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाना है. साथ ही लंबे समय से अटकी कॉलोनियों के नियमितीकरण और नई आवासीय योजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने का रास्ता भी साफ होगा.
27 जिलों में विकास प्राधिकरण गठित
प्रदेश के 27 जिलों में विकास प्राधिकरण गठित हैं, जबकि बाराबंकी में भी विकास प्राधिकरण प्रस्तावित है. कई जिलों में विकास प्राधिकरण पहले से कार्यरत हैं. लखनऊ में पूरे जिले को एक ही विकास प्राधिकरण के अधीन लाने का प्रयोग सफल रहने पर आगरा, कानपुर और गाजियाबाद जैसे जिलों में भी इसी व्यवस्था को लागू करने की राह खुल सकती है. प्रस्ताव के मुताबिक नगर निगम क्षेत्र, नगर पंचायतें, छावनी क्षेत्र, यूपीसीडा, यूपी लीडा और रेलवे की ग्रामीण भूमि को इस विस्तार में शामिल नहीं किया गया है.
अवैध प्लॉटिंग पर लगेगी लगाम
एलडीए अधिकारियों के अनुसार, प्राधिकरण की सीमा से बाहर होने के कारण कई कॉलोनियों का नियमानुसार नियमितीकरण नहीं हो पा रहा था. विस्तार के बाद इन क्षेत्रों का सर्वे कराकर नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी. इससे लोगों को मालिकाना हक और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
इसके अलावा प्राधिकरण नई आवासीय योजनाएं और नियोजित सेक्टर विकसित करने के लिए जमीन जुटा सकेगा. नक्शा स्वीकृति, विकास शुल्क और अन्य मदों से प्राधिकरण को अतिरिक्त राजस्व भी मिलेगा.
आमदनी बढ़ेगी, विकास पर खर्च होगा पैसा
प्राधिकरण का दायरा बढ़ने से उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। नए क्षेत्रों में नक्शा पास कराने, विकास शुल्क और अन्य मदों से अतिरिक्त आय प्राप्त होगी. खास बात यह है कि नए क्षेत्रों से मिलने वाले राजस्व को उन्हीं क्षेत्रों के विकास पर खर्च करने की व्यवस्था बनाई जा सकेगी. सुल्तानपुर गोल्फ सिटी में कंवर्जन शुल्क से मिलने वाली धनराशि को उसी क्षेत्र के विकास पर खर्च करने की व्यवस्था की तरह नए क्षेत्रों में भी राजस्व का इस्तेमाल सड़क, सीवर, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में किया जा सकेगा। इससे विकास कार्यों के लिए शासन पर निर्भरता भी कम होगी.
नियमितीकरण और नई योजनाओं का रास्ता खुलेगा
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, सीमा से बाहर होने के कारण नियमों के दायरे में नहीं आने वाली जिन कॉलोनियों का नियमितीकरण अटका हुआ था, विस्तार के बाद उनका सर्वे कराकर प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। इससे परिवारों को मालिकाना हक और बुनियादी सुविधाएं मिलने के साथ प्राधिकरण को नई आवासीय योजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध हो सकेगी.
सड़क-श्मशान की जमीन पर नहीं बनेंगी दुकानें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 18 दुकानदारों की याचिका की खारिज