SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं.... NCAP सर्वे में मारी बाजी, जानिए कैसे नंबर-1 बना नवाबों का शहर?

Lucknow first rank in air quality survey: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ ने देश में पहला स्थान हासिल कर ₹1.50 करोड़ का पुरस्कार जीता। इंदौर दूसरे स्थान पर रहा. लखनऊ का पेपर मिल कॉलोनी वार्ड भी देश में नंबर-1 चुना गया। यह सफलता जनता के सहयोग और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है.

Written By Jyoti Kumari
Published: Sep 07, 2026, 05:02 PM IST | Updated: Sep 07, 2026, 05:05 PM IST
Image Credit: Lucknow Ranked No. 1
Join

Lucknow beats Indore in air quality rank: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने पर्यावरण और वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है. राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत आयोजित 'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026' में लखनऊ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण मंत्रालय द्वारा कराए गए इस सर्वे में लखनऊ को सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला शहर घोषित किया गया है.

वर्ष 2024-25 के सर्वे में लखनऊ 15वें स्थान पर था। महज एक साल के भीतर 15वें पायदान से सीधे नंबर-1 पर पहुंचना शहर के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इस शानदार प्रदर्शन के लिए लखनऊ नगर निगम को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1.50 करोड़ रुपए का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है.

प्रतिष्ठित शहरों को पीछे छोड़कर हासिल किया मुकाम

10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने देश के कई बड़े और स्वच्छ माने जाने वाले शहरों को पीछे छोड़ दिया. वर्षों से स्वच्छता में आगे रहने वाले इंदौर को इस बार दूसरा स्थान मिला, जबकि मध्य प्रदेश का ही जबलपुर शहर तीसरे स्थान पर रहा.

इस बार के पुरस्कारों में सबसे खास बात यह रही कि पूरे उत्तर प्रदेश से लखनऊ ही एकमात्र ऐसा शहर है जिसने इस सूची में अपनी जगह बनाई और शीर्ष स्थान प्राप्त किया. यह उपलब्धि साबित करती है कि ठोस योजनाओं और जमीन पर किए गए निरंतर प्रयासों से हवा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार लाया जा सकता है.

पेपर मिल कॉलोनी बना देश का सबसे बेहतरीन वार्ड

लखनऊ शहर के साथ-साथ यहां के एक वार्ड ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है. नगर निगम के जोन-4 में स्थित वार्ड नंबर-70, पेपर मिल कॉलोनी को देश का सबसे अच्छा वार्ड चुना गया है. 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में पेपर मिल कॉलोनी ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया. इस वार्ड में साफ-सफाई, हरियाली और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए किए गए बेहतरीन कार्यों के चलते इसे 50 लाख रुपए के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह स्थानीय स्तर पर किए गए सुधारों का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा है.

नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह

इस उपलब्धि पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने सम्मिलित होकर यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने लखनऊ के इस मॉडल की सराहना की.

जनता के सहयोग और कुशल नेतृत्व का परिणाम

इस बड़ी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान मिलना हर लखनऊ वासी के लिए बेहद गर्व का क्षण है. उन्होंने इस सफलता का श्रेय राज्य सरकार के कुशल नेतृत्व, नगर विकास विभाग के मार्गदर्शन, नगर निगम के कर्मचारियों की दिन-रात की मेहनत और शहर के नागरिकों के सक्रिय सहयोग को दिया.

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ की जनता की है.  नगर निगम प्रशासन ने संकल्प जताया है कि आने वाले समय में भी शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने के लिए इसी ऊर्जा के साथ काम जारी रखा जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

ज्योति कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सितंबर 2025 से काम कर रही हैं. ज्योति मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर तथ्य-आधारित, विश्लेषणात्मक और निष्पक्ष डिजिटल खबरें लिखती हैं. जेंडर से जुड़े संवेदनशील विषयों और जनसरोकार की खबरों को प्रमुखता से उठाना उनकी पत्रकारिता का मुख्य केंद्र रहा है.ज़ी मीडिया से जुड़ने से पहले, ज्योति ने स्वतंत्र लेखक के रूप में कार्य किया. इस दौरान उन्होंने लैंगिक समानता, सामाजिक न्याय, महिलाओं के अधिकारों और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर गहन और विश्लेषणात्मक लेख लिखे. ज्योति के पास यूपी-उत्तराखंड की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, सामाजिक घटनाक्रमों और ट्रेंडिंग मुद्दों पर दैनिक डिजिटल कवरेज, विश्लेषण और तथ्य-जांच पर पकड़ है.ज्योति ने देश के अग्रणी शिक्षण संस्थान जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. जामिया में उनकी अकादमिक पृष्ठभूमि ने उनकी रिसर्च, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और मीडिया एथिक्स (पत्रकारिता के मूल्यों) को मजबूत किया. पत्रकारिता और लेखन के अलावा, ज्योति को पुस्तकें और साहित्य पढ़ने का गहरा शौक है। समसामयिक विषयों, सामाजिक इतिहास और विभिन्न विधाओं की किताबें पढ़ना उनकी विश्लेषणात्मक सोच और लेखन शैली को और अधिक समृद्ध बनाता है.ज्योति कुमारी से आप jktiwari1998@gmail.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप ज्योति कुमारी से एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES