)
Lucknow News: पटना से लखनऊ आ रही फ्लाइट आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई. इसके बाद विमान में बैठे यात्री सहम गए. पायलट की सूझबूझ से विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली. बताया गया कि इंडियो का विमान बुधवार को पटना से लखनऊ के लिए उड़ान भरा. अचानक मौसम खराब हो गया. विमान करीब 17000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी आकाशी बिजली गिर गई. विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. फिलहाल विमान में सवार यात्री सुरक्षित उतार लिए गए.

100 से ज्यादा यात्री सवार थे
एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से बताया कि इंडिगो के विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. सभी यात्री सुरक्षित हैं. कोई हताहत नहीं है. बस विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया. बताया गया कि पटना से लखनऊ आ रहे विमान में 100 से ज्यादा यात्री सवार थे. साथ ही 6 क्रू मेंबर भी थे. इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली है.
जेवर एयरपोर्ट पर फ्लाइट में हुई तकनीकी दिक्कत
वहीं, ग्रेटर नोएडा में जेवर एयरपोर्ट पर फ्लाइट में तकनीकी दिक्कत सामने आई है. एयरक्राफ्ट में दिक्कत के कारण यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा. इसके चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा भी किया. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट 6E 7628 (DXN-LKO) करीब 3 घंटे की देरी से रवाना हुई. फ्लाइट को दोपहर 3:05 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन निर्धारित समय पर टेकऑफ नहीं हुई. यात्रियों के मुताबिक, विमान में करीब तीन घंटे तक यात्री बैठे रहे. यात्रियों का आरोप है कि फ्लाइट लेट होने का कारण स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया.
दूसरी फ्लाइट से यात्रियों को रवाना किया गया
बाद में दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई. इसके बाद यात्रियों को विमान में बैठाया गया. एयरक्राफ्ट में तकनीकी दिक्कत के बाद विमान का AC बंद कर दिया गया, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई. विरोध के बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकलने की अनुमति दी गई. विमान ने आखिरकार शाम करीब 6:48 बजे टेकऑफ किया. इंडिगो के मुताबिक, विमान में तकनीकी दिक्कत आने के बाद दूसरा एयरक्राफ्ट अरेंज किया गया. इंडिगो का दावा यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दी गई और पूरा सहयोग किया गया. करीब तीन घंटे की देरी को लेकर यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली.