रियाद में खौफनाक वारदात: 35 साल परदेस में बहाया पसीना, सऊदी अरब में मिली दर्दनाक मौत, कुशीनगर के अनवर की गला रेतकर हत्या
Saudi Arabia Murder Case: सऊदी की राजधानी रियाद में कुशीनगर के अनवर की गला रेतकर हत्या हो गई है. अनवर कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के रोवारी गांव के रहने वाले थे. वह परिवार के इकलौते कमाने वाले थे. 35 साल से सऊदी अरब में बोल्डर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. सैलरी को लेकर विवाद के बाद हत्या की आशंका है. सऊदी पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है.
Saudi Arabia Murder Case/ प्रमोद कुमार गौड़: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. रोजी-रोटी की तलाश में खाड़ी देश गए कुशीनगर के एक बुजुर्ग की सऊदी अरब की राजधानी रियाद में गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है. मृतक की पहचान रामकोला थाना क्षेत्र के रोवारी गांव निवासी 65 वर्षीय अनवर अंसारी के रूप में हुई है. सोमवार को अनवर का सिर कटा शव उनके ही कमरे से बरामद हुआ, जिसके बाद से उनके पैतृक गांव में कोहराम मचा हुआ है.
परिवार का एकमात्र सहारा थे अनवर
अनवर अंसारी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. वे पिछले 30-35 सालों से सऊदी अरब में रहकर बोल्डर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. परिजनों के अनुसार, वे एक साल घर पर बिताने के बाद इसी साल जून में दोबारा सऊदी अरब के अबहा शहर गए थे. वहां एक ठेकेदार का काम खत्म होने के बाद वे रियाद चले आए थे. आशंका जताई जा रही है कि सैलरी के लेन-देन को लेकर हुए किसी विवाद के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.
पाकिस्तानी नागरिक हिरासत में, जांच जारी
अनवर के भाई अकबर अंसारी ने बताया कि उन्हें रियाद में रहने वाले एक परिचित के जरिए इस अनहोनी की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही सऊदी में ही मौजूद अनवर के दो अन्य भाइयों अनस मोहम्मद और असगर अली को खबर दी गई. जब असगर अली मौके पर पहुंचे, तो वहां एक यमनी नागरिक से पता चला कि पुलिस ने मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है.
हालांकि, रियाद पुलिस की तरफ से अभी तक हत्या के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश में जुटी है.
घर में पसरा मातम, शव को भारत लाने की गुहार
35 साल तक परदेस में पसीना बहाकर परिवार की आजीविका चलाने वाले अनवर की इस तरह नृशंस हत्या की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार अचानक बेसहारा हो गया है. अब पीड़ित परिजन अनवर अंसारी के शव को भारत लाए जाने की प्रक्रिया और आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं.
सऊदी अरब में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं, बल्कि विदेश में काम कर रहे भारतीय कामगारों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पूरे गांव की निगाहें भारतीय दूतावास और रियाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं.