5 साल का प्यार, प्रेमी ने दूसरे से की सगाई, कौशांबी में प्रेमिका ने उठाया खौफनाक कदम
Kaushambi News: कौशांबी में प्रेमी का किसी दूसरी लड़की से सगाई करने का गम प्रेमिका सहन नहीं कर सकी. प्रेमी की सगाई से आहत युवती ने अपनी जान दे दी.
अली मुक्ता/कौशांबी: कौशांबी में प्रेम संबंध का दुखद अंत हुआ है. आरोप है कि प्रेमी द्वारा दूसरी युवती से सगाई किए जाने से आहत प्रेमिका ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब 5 साल से प्रेम संबंध था और प्रेमी ने शादी का वादा किया था. आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने, लेकिन अचानक प्रेमी ने दूसरी युवती से सगाई कर ली.
पांच साल से था प्रेम संबंध
यह पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि कोखराज थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का नरेंद्र कुमार नाम के युवक से करीब 5 साल से प्रेम संबंध था. परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र ने युवती से शादी का वादा किया था. दोनों के बीच नजदीकी संबंध भी थे. आरोप है कि इसी बीच नरेंद्र कुमार ने दूसरी युवती से सगाई कर ली. इसकी जानकारी मिलने के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान थी.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
आरोप है कि इसी से आहत होकर युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है. युवती की मौत के पीछे लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है. अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
बर्थडे के दूसरे दिन महिला ने दी जान
वहीं, झांसी सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज मोहल्ले की रहने वाली एक महिला ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है. बताया जा रहा कि मृतका ने 6 अक्टूबर को अपना बर्थ-डे मनाया. इसके अगले दिन ही फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी है. सूचना पर मायके वाले मृतका के ससुराल पहुंचे तो वहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई. फिर मृतका का भाई पुलिस को लेकर घर पहुंचा तो ससुराल पक्ष शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए. इसके बाद पुलिस श्मशान घाट पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाया. भाई का आरोप है कि बहन को मारकर फांसी के फंदे पर लटकाया गया है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दिए हैं.