SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

करहल का किंग कौन? सपा के गढ़ में कमल खिलाने की तैयारी में BJP, क्या हिलेगा अखिलेश का सियासी किला?

मैनपुरी की करहल सीट यूपी की चर्चित सीटों में से एक हैं. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले करहल सीट फिर सुर्खियों में आ गई है. ऐसे में आइए जानते हैं करहल सीट का सियासी गणित?

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 17, 2026, 18:41 IST | Updated: Nov 17, 2026, 18:54 IST
Image Credit: Z Creative (AI Image)
Join

मैनपुरी के करहल को लंबे समय से समाजवादी पार्टी का मजबूत राजनीतिक आधार माना जाता रहा है. इस सीट का सैफई परिवार से भी पुराना रिश्ता रहा है. मुलायम सिंह यादव करहल के जैन इंटर कॉलेज में शिक्षक रहे और यहीं से उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत से जुड़ी यादें भी रही हैं. यह सीट यूपी की उन चर्चित सीटों में शामिल है, जहां चुनावी मुकाबला सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि सियासी विरासत, जातीय समीकरण और स्थानीय मुद्दों के इर्द-गिर्द भी घूमता है... आइए जानते हैं 2027 चुनाव से पहले करहल सीट का चुनावी मूड?.  

सपा का गढ़ क्यों माना जाता है?

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने करहल से चुनाव लड़कर बड़ी जीत दर्ज की. बाद में उनके लोकसभा जाने के बाद 2024 में हुए उपचुनाव में सपा ने तेज प्रताप यादव को मैदान में उतारा और उन्होंने भी सीट पर सपा का कब्जा बरकरार रखा, लेकिन 2024 के उपचुनाव में भाजपा ने भी अपनी पूरी ताकत लगाई. भाजपा ने सैफई परिवार के रिश्तेदार अनुजेश प्रताप यादव को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया. नतीजे में तेज प्रताप यादव ने करीब 14,700 वोटों से जीत दर्ज की.

मुलायम सिंह यादव की सियासी विरासत

करहल की सियासत में मुलायम सिंह यादव की विरासत से लेकर अखिलेश यादव और तेज प्रताप यादव तक का राजनीतिक सफर दिखाई देता है, लेकिन सवाल है कि क्या 2027 में भी यह विरासत मतदाताओं के बीच पहले जैसा प्रभाव बनाए रख पाएगी या बदलते सामाजिक और राजनीतिक समीकरण चुनाव की दिशा तय करेंगे?

करहल सीट का जातीय समीकरण

करहल विधानसभा का चुनावी गणित समझने के लिए यहां के जातीय समीकरण को समझना भी जरूरी है. करहल विधानसभा में करीब 3 लाख 71 हजार मतदाता हैं. इनमें लगभग 1 लाख 25 हजार यादव, 35 हजार शाक्य, 30 हजार बघेल, 30 हजार क्षत्रिय, 22 हजार अनुसूचित जाति, 18 हजार मुस्लिम, 16 हजार ब्राह्मण और करीब 15-15 हजार लोधी तथा वैश्य मतदाता बताए जाते हैं. यानी यादव मतदाता यहां सबसे बड़ा सामाजिक समूह है, लेकिन दूसरे समाजों की भूमिका भी चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकती है. भाजपा ने 2024 के उपचुनाव में यादव प्रत्याशी उतारकर सपा के पारंपरिक सामाजिक आधार में सेंध लगाने की कोशिश की थी. हालांकि भाजपा प्रत्याशी को जीत नहीं मिली, लेकिन मुकाबले का अंतर कम हुआ.

राजनीतिक इतिहास और स्थानीय प्रभाव

करहल की राजनीति में सपा की मजबूत पकड़ रही है, लेकिन यह सीट हमेशा एकतरफा नहीं रही. 2002 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां जीत दर्ज की थी. 2024 के उपचुनाव में भी भाजपा ने जिस तरह मुकाबला किया, उससे यह स्पष्ट हुआ कि करहल में अलग-अलग सामाजिक समूहों और स्थानीय प्रभाव रखने वाले नेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है. सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव और भाजपा प्रत्याशी अनुजेश प्रताप यादव के बीच पारिवारिक रिश्तों की चर्चा भी चुनाव के दौरान सुर्खियों में रहीं. ऐसे में करहल का मुकाबला राजनीतिक दलों के साथ-साथ स्थानीय सामाजिक समीकरणों के नजरिए से भी महत्वपूर्ण हो जाता है.

स्थानीय मुद्दे और जनता का रुख

अब बात उन मुद्दों की, जो करहल के मतदाताओं के लिए सीधे मायने रखते हैं. करहल विधानसभा के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार, सड़क, नाली, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, किसानों की समस्याएं और छुट्टा गोवंश जैसे मुद्दों पर जनता की राय जानना भी जरूरी है. जनता का मिलाजुला जवाब मिला. कुछ लोगों का कहना है कि करहल में विकास हुआ है तो कुछ लोगों का ये भी मानना है कि अभी और विकास की जरूरत है. स्थानीय पत्रकार मनोज चतुर्वेदी का कहना है कि चुनाव में जातीय समीकरण के साथ-साथ प्रत्याशी की छवि, स्थानीय संपर्क, विकास कार्य और राष्ट्रीय-प्रदेश स्तर के राजनीतिक मुद्दों की भी भूमिका रहेगी.

2027 चुनाव में क्या चुनौतियां?

करहल में 2027 के चुनाव को लेकर सियासी दलों की तैयारियां भी महत्वपूर्ण हैं. समाजवादी पार्टी इस सीट को अपनी राजनीतिक विरासत और मजबूत जनाधार से जोड़कर देखती है. वहीं, भाजपा यहां अपने संगठन, सरकार के कामकाज और सामाजिक समीकरणों के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार कर रही है. सपा जिलाध्यक्ष पूर्व मंत्री आलोक शाक्य से कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव गरीब, किसान, मजबूर, शोषित और वंचित वर्ग की लड़ाई लड़ते रहे हैं. अब अखिलेश यादव उसी लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं.

बीजेपी लगा पाएगी सेंध?

करहल की सियासत को लेकर राजनीतिक जानकारों की नजर भी 2027 के विधानसभा चुनाव पर टिकी है. सवाल कई हैं क्या सपा का पारंपरिक यादव वोट बैंक उसके साथ मजबूती से बना रहेगा? क्या भाजपा दूसरे सामाजिक समूहों को अपने साथ जोड़ने में कामयाब होगी? क्या स्थानीय विकास और विधायक का रिपोर्ट कार्ड जातीय समीकरणों पर प्रभाव डालेगा? और क्या इस बार नए राजनीतिक मुद्दे करहल की चुनावी तस्वीर बदल सकते हैं?. देखना ये भी है कि 2027 के चुनाव में बीजेपी सपा के मजबूत गढ़ में सेंध लगा पाएगी?.

(मैनपुरी से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट) 

यह भी पढ़ें ; मथुरा में महामंथन: यूपी की सत्ता का नया प्लान तैयार, बूथ से लेकर टिकट तक BJP ने कसी कमर
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES