)
Kanpur Police Viral Video/ प्रवीण पांडे: यूपी में कानून और सुरक्षा की रखवाली करने वाली पुलिस जब खुद कानून-कायदों और आम जनता की जेब पर भारी पड़ने लगे, तो सवाल उठना लाजिमी है. सोशल मीडिया पर कानपुर का एक वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें दो महिला पुलिसकर्मी एक ई-रिक्शा चालक से मामूली किराए को लेकर बहस करती और उसे वर्दी का रौब दिखाती नजर आ रही हैं.
यह विवाद महज ₹10 के चक्कर में हुआ, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो यूपी पुलिस की साख पर सवाल खड़े कर रहा है. हालांकि, इस वायरल वीडियो की पुष्टि जी उत्तर प्रदेश नहीं करता है.
क्या है ये पूरा मामला?
यह मामला शहर के हलीम चौक से चमनगंज थाने तक का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, यूपी पुलिस में तैनात दो महिला कांस्टेबल ने हलीम चौक से चमनगंज थाने जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सफर किया. दूरी के हिसाब से दोनों महिला कांस्टेबलों का कुल किराया ₹20 बनता था. अपनी मंजिल पर पहुंचने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने रिक्शा चालक के हाथ में ₹20 के बजाय महज ₹10 का थमा दिया और जाने लगीं.
ई-रिक्शा वाले को थाने की धमकी
जब ई-रिक्शा चालक ने अपना पूरा ₹20 किराया मांगा, तो महिला पुलिसकर्मी भड़क गईं. फिर वे रिक्शा चालक को पैसे देने के बजाय उस पर ही रौब दिखाने लगीं. जब चालक ने ₹10 और देने के लिए कहा, तो महिला पुलिसकर्मी ने उसे सीधे थाने की धमकी दे डाली.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. फिर उसने सोशल मीडिया पर इसे शेयर कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
खाकी पर उठे सवाल
लोग सवाल उठा रहे हैं कि दिन-रात मेहनत करके ₹10-₹20 कमाने वाले ई-रिक्शा चालकों के साथ अगर खाकी वर्दीधारी ही ऐसा व्यवहार करेंगे, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी?
₹10 की खातिर एक आम रिक्शा चालक को थाने की धमकी देना न सिर्फ नैतिकता के खिलाफ है, बल्कि पुलिस-जनता के रिश्तों को भी कमजोर करता है. अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर इन महिला कांस्टेबलों पर क्या कार्रवाई होती है?