)
Varanasi Airport Dispute: वाराणसी के बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक यात्री और क्रू मेंबर के बीच तीखी बहस हो गई. विवाद की वजह यात्री के हाथ में मौजूद उनके आराध्य देव की तस्वीर थी. हंगामा इतना बढ़ा कि टेक-ऑफ के लिए रनवे पर पहुंच चुके विमान को वापस एप्रन पर लाना पड़ा और यात्री को उतारने के बाद ही फ्लाइट रवाना हो सकी.
क्या है ये पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के बालेश्वर निवासी 24 वर्षीय श्रेयांश त्रिपाठी वाराणसी से दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-1253 में सवार हुए थे. यात्री अपने साथ अपने आराध्य देव की एक फ्रेम वाली तस्वीर लेकर विमान में दाखिल हुए थे.
यात्री के हाथ में मौजूद फोटो पर बवाल
विमान अपने निर्धारित समय पर यात्रियों को लेकर एप्रन से रनवे की ओर बढ़ा, तभी उड़ान भरने से ठीक पहले क्रू मेंबर की नजर यात्री के हाथ में मौजूद फोटो पर पड़ी. सुरक्षा मानकों और विमान नियमों का हवाला देते हुए क्रू मेंबर ने श्रेयांश से फोटो को ओवरहेड केबिन या सुरक्षित स्थान पर रखने का अनुरोध किया.
श्रद्धा और सुरक्षा नियमों में उलझा मामला
क्रू मेंबर के इस अनुरोध पर यात्री श्रेयांश त्रिपाठी भड़क गए. उन्होंने धार्मिक भावनाओं का हवाला देते हुए आराध्य देव की तस्वीर को केबिन या नीचे रखने से साफ इनकार कर दिया. यात्री का कहना था कि वह अपने भगवान की फोटो को नीचे या सामान के साथ नहीं रख सकते.
यात्रा करने से यात्री ने किया इनकार
इसी बात को लेकर देखते ही देखते यात्री और क्रू मेंबर्स के बीच कहासुनी शुरू हो गई. क्रू मेंबर्स ने उन्हें फ्लाइट सेफ्टी और इमरजेंसी प्रोटोकॉल समझाने की कोशिश की, लेकिन यात्री जिद्द पर अड़े रहे और विमान में यात्रा करने से ही इनकार कर दिया.
रनवे से एप्रन पर लौटा विमान
यात्री के हंगामे को देखते हुए पायलट ने उड़ान जोखिम में न डालते हुए एटीसी (ATC) से संपर्क किया और विमान को वापस एप्रन पर लाने का फैसला किया. विमान के एप्रन पर पहुंचते ही सुरक्षाकर्मियों की मदद से जिद्दी यात्री को सामान समेत नीचे उतारा गया. इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे की वजह से सुबह 8:20 बजे उड़ान भरने वाला विमान अपने तय समय से काफी देर बाद दिल्ली के लिए रवाना हो सका.