BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री को बनाया बंधक: फार्म हाउस में हाथ पैर बांधकर लूट लिए 50 लाख रुपये
Kanpur News: कानपुर में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं. बीजेपी नेता रमेश यादव के फार्म हाउस में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर 50 लाख रुपये लूट लिए.
प्रवीण पांडेय/कानपुर: कानपुर में बीजेपी पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर 50 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है. आरोप है कि नकाबपोश बदमाश उनके फार्म हाउस में घुस गए. बदमाशों ने रमेश यादव के हाथ पैर बांधे और लूटपाट कर फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बंधक बनाकर 50 लाख रुपये लूट लिए
दरअसल, बीजेपी पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव का कानपुर शहर से 30 किलोमीटर दूर पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में फार्म हाउस है. सोमवार को वह फार्म हाउस में रुके थे. आरोप है कि देर रात नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में घुस गए. रमेश यादव को बंधक बना लिए और 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद हड़कंप मच गया.
लखनऊ में पदभार ग्रहण कर कानपुर लौटे थे
सूचना मिलते ही जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और DCP दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस घर के CCTV फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी है. रमेश यादव 1 अक्टूबर को BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे. सोमवार को उन्होंने लखनऊ में पदभार ग्रहण किया और देर शाम कानपुर लौटे थे. वह दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं. उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं. रमेश ने 2022 में बसपा के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था.
कपड़ा व्यापारी के 50 हजार चोरी करते पकड़ा गया
वहीं, एक अन्य घटना में कानपुर के कपड़ा व्यापारी के बैग से 50 हजार रुपये उड़े ले गए. बताया गया कि फतेहपुर के गाजीपुर के रहने वाले कपड़ा व्यापारी मोहम्मद हारून टाटमिल चौराहे से घंटाघर जाने के लिए ऑटो में सवार थे. ऑटो में पीछे बैठे अज्ञात बदमाश ने ब्लेड से बैग काटकर 50,000 रुपये की गड्डी निकाल ली. शक होने पर व्यापारी ने ऑटो रुकवाया और बाइक से भागने की कोशिश कर रहे एक चोर को घसीटकर पकड़ लिया. हालांकि, उसका साथी नकदी लेकर फरार होने में कामयाब हो गया.
कानपुर देहात में दबंगों का तांडव
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सलावतपुर गांव में जमीनी विवाद में बेखौफ एक दर्जन दबंगों ने परिवार पर हमला बोल दिया. आरोप है कि जेसीबी से जबरन दीवार गिराने पहुंचे थे. राइफल और अवैध असलहे से कई राउंड फायरिंग करने का आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.