कन्नौज में पत्नी को जिंदा जलाया: अवैध संबंध के शक में पति ने उठाया खौफनाक कदम
कन्नौज में पत्नी का अवैध संबंध होने के शक में पति ने आपा खो दिया. पत्नी से विवाद के बाद कमरे में बंदकर उसे जिंदा जला दिया.
कन्नौज के सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के जगतपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया. आग से बुरी तरह झुलसने से महिला की मौत हो गई. वहीं, घटना के बाद परिवार घर छोड़कर फरार हो गया है. दो दिन पहले ही पति-पत्नी और प्रेम प्रसंग को लेकर लड़ाई हुई थी. इसपर सिकंदरपुर चौकी में पंचायत की गई थी. आरोप है कि प्रेम प्रसंग के विवाद में अगले ही दिन पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया.
सोनम से किया था प्रेम विवाह
जानकारी के मुताबिक, जगतपुर गांव के रहने वाले सुखबीर सिंह राठौर ने 11 साल पहले सोनम सिंह से प्रेम विवाह किया था. सुखबीर और सोनम को एक बेटा और एक बेटी है. परिवार की माली हालत खराब होने के चलते सुखबीर सिंह राठौर हिसार में रहकर मजदूरी करता था. पिछले दिनों ही सुखबीर दिवाली पर घर आया था. आरोप है कि पत्नी का अवैध संबंध होने के शक पर दोनों में खूब लड़ाई हुई.
पत्नी के अवैध संबंध को लेकर विवाद
5 नवंबर को सुखबीर सिंह राठौर और सोनम में लड़ाई के बाद वह दोनों बच्चों को लेकर घर से चला गया. कुछ देर बाद सुखबीर बोतल में पेट्रोल लेकर वापस आ गया. इसके बाद सुखबीर ने पत्नी सोनम को कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया. आग लगाने के बाद सुखबीर जलती हुई पत्नी को कमरे में बंद कर फरार हो गया. आग देखकर आसपास के लोग दौड़े. हालांकि, कमरा बंद होने के बाद सोनम को बचाया नहीं जा सका. आग में सोनम जिंदा जल गई.
आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. दमकल की गाड़ियां भी बुलाई गईं. तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि, सोनम की मौत हो गई. एसपी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और आरोपी सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया गया. सुखबीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज जेल भेज दिया गया. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है. दोनों बच्चों को रिश्तेदार को सौंप दिया गया है.
लखनऊ में चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी
वहीं, राजधानी लखनऊ से अच्छी खबर सामने आई. चलती ट्रेन में गर्भवती महिला ने एक बेटी को जन्म दिया. 24 वर्षीय रुखसाना ट्रेन की बोगी में मां बनीं. बताया गया कि ट्रेन नंबर 15065 गोरखपुर पनवेल के जनरल डिब्बे में रुखसाना ने बेटी को जन्म दिया है. वह गोरखपुर से पनवेल जा रही थी. बच्ची को जन्म देने के बाद ट्रेन को उन्नाव में रोका गया. आरपीएफ की मदद से जच्चा बच्चा को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल उन्नाव पहुंचाया गया.
यह भी पढ़ें : मथुरा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार ने एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों को रौंदा, गांव में कोहराम