)
भारतीय हॉकी टीम ने मोहाली में गुरुवार (5 नवंबर) को शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया ने टाइटल जीतने की हैट्रिक लगाई है. भारत ने जापान को 4-1 से परास्त किया और कुल छठी बार इस टूर्नामेंट को जीता. इससे पहले 2023 और 2024 में भी टाइटल पर अपना नाम दर्ज करवाया था. भारत ने अपने दबदबे को दिखाते हुए जालंधर और मोहाली में सभी मैच जीते.
टीम इंडिया के लिए इस मैच में शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने गोल मारा. जापान के लिए इकलौता गोल काजुमासा मात्सुमोतो ने किया. 4-1 का स्कोरलाइन यह जरूर दिखा रहा है भारत ने एकतरफा मैच जीता, लेकिन मुकाबला टेंशन वाला रहा था. टीम इंडिया पहले ही क्वार्टर पीछे हो गई थी. मात्सुमोतो ने लेफ्ट साइड से सूरज करकेरा को छकाते हुए एक रिवर्स हिट मारकर टीम को तीसरे मिनट में बढ़त दिला दी.
A CAMPAIGN TO REMEMBER FOR THE SKIPPER! 🇮🇳🔥 Harmanpreet Singh bags the Hero of the tournament award and finishes as the Top Scorer of the Hero Asian Champions Trophy Punjab 2026! A standout tournament from the Indian captain as Team India completes a hat-trick of Asian Champions Trophy titles! 🏆 #HockeyIsBack #HACT2026 #SatSriAkalAsia #IndiaKaGame
— Hockey India (@TheHockeyIndia) November 5, 2026
शिलानंद ने किया पहला गोल
मैच में पिछड़ने के बाद भारत ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जापान के मजबूत डिफेंस से टीम को निराशा मिली. भारत को आखिरकार 42वें मिनट में बराबरी का गोल मिल गया. हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल मारने की कोशिश की, लेकिन जापान के गोलकीपर किशो कुरोदा ने बचा लिया. इसके बाद भारत ने गेंद को अपने कंट्रोल में ले लिया और आखिरकार आदित्य लालागे के एक फ्लिक पास पर शिलानंद ने गोल कर दिया. मैच में 1-1 की बराबरी पर आ गया.
आखिरी क्वार्टर में भारत ने मारे 3 गोल
भारत ने इसके बाद आखिरी क्वार्टर में गोलों की झड़ी लगा दी. दिलप्रीत ने 48वें मिनट में दूसरा गोल दाग दिया. पांच मिनट बाद जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर को भुनाते हुए जबरदस्त ड्रैगफ्लिक पर गोल करके स्कोर को 3-1 कर दिया. 54वें मिनट में विवेक ने आखिरी गोल किया और मैच को 4-1 से अपने नाम कर लिया. इससे पहले दिन में मलेशिया ने साउथ कोरिया को 5-2 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया.