)
Bareilly Kanhaiya Gulati fraud case update/ अजय कश्यप: करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कन्हैया गुलाटी और उसकी कंपनी 'कैनविज इंडस्ट्रीज' का जाल लगातार उलझता जा रहा है. कन्हैया गुलाटी पर बरेली और बदायूं के लगभग 1500 निवेशकों का 2000 करोड़ रुपये हड़पकर भागने का आरोप है. पुलिस ने उसे भगोड़ा और हिस्ट्रीशीटर घोषित कर रखा है. उस पर 50 हजार रुपये का इनाम और लुकआउट नोटिस भी जारी है. बरेली में अब तक उसके खिलाफ 98 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं.
इस बीच एक कथित Zoom मीटिंग की स्क्रीन रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इस वीडियो में कन्हैया अपने एजेंटों से बातचीत करता नजर आ रहा है. वीडियो में एक शख्स यह दावा करता सुनाई दे रहा है कि उसकी DIG अजय सहानी से बात हुई है, इसलिए कन्हैया फिलहाल बरेली न आए.
अधिकारियों के नाम से हड़कंप, 36 घंटे में गिरफ्तारी
दिलचस्प बात यह है कि जिन आरोपियों को पुलिस पिछले डेढ़ साल से नहीं ढूंढ पा रही थी, वे जैसे ही वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारियों का नाम लेते दिखे, महकमे में हड़कंप मच गया. इसके बाद पुलिस ने महज डेढ़ दिन के भीतर कन्हैया के दो साथियों को दबोच लिया. डेढ़ साल में कन्हैया गुलाटी के साथी विशाल शर्मा और विनय श्रीवास्तव को जिलेभर की पुलिस नहीं तलाश सकी, वे पुलिस अफसरों का नाम लेकर वायरल हुए तो तुरंत ही गिरफ्तार कर लिए गए.
हालांकि कागजों में गिरफ्तारी फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र से दिखाई गई है, लेकिन चर्चा है कि एसओजी (SOG) की टीम इन्हें गोरखपुर से पकड़कर लाई है. विशाल शर्मा पर इज्जतनगर और साइबर थाने में मामले दर्ज हैं. जबकि, विनय और विशाल दोनों फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित थे. विशाल ने लोगों से 80 लाख और विनय ने करीब 60 लाख रुपये निवेश कराए थे. मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
प्रदर्शन के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
कन्हैया गुलाटी की ठगी के शिकार पीड़ितों ने हाल ही में दामोदर स्वरूप पार्क में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया था. इसके बाद फतेहगंज पश्चिमी में कार्यालय खोलकर बैठे उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. कन्हैया पर एसएसपी की ओर से 25 हजार और डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है. कोर्ट से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका है. पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन 2000 करोड़ के इस घोटाले का मुख्य सरगना अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.