)
Budaun Assault Case/ अमित अग्रवाल: बिहार के चर्चित 'जमुई कांड' की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से भी चौंकाने वाला मामला सामने आया है. उघैती थाना क्षेत्र के सराय बरोलिया में कुछ दबंगों ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर एक युवक और युवती को घेर लिया. आरोपियों ने न सिर्फ दोनों के साथ मारपीट और बदसलूकी की, बल्कि युवती से छेड़छाड़ करते हुए उनके पैसे भी लूट लिए. इस पूरी वारदात का दबंगों ने वीडियो भी बना लिया. अब पुलिस के संज्ञान में आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है.
वीडियो वायरल होने की आशंका से मची खलबली
यह घटना 17 सितंबर की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक और युवती जब सराय बरोलिया के पास एक सुनसान इलाके से गुजर रहे थे, तभी स्थानीय दबंगों की नजर उन पर पड़ गई. आरोपियों ने दोनों को जबरन रोक लिया और उन्हें पीटना शुरू कर दिया. दबंगों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी. उन्होंने युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की. जेब में रखे पैसे छीने और पूरे घटनाक्रम का अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
लिखित तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज
घटना के बाद पीड़ित बुरी तरह सहम गए थे, लेकिन जब वीडियो सार्वजनिक होने की बात सामने आई, तो मामला पुलिस तक पहुंचा. खबर मिलते ही बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा और अन्य पुलिस अफसरों ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत लिखित तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली.
पुलिस का एक्शन, 3 आरोपी सलाखों के पीछे
उघैती थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बेचैन जाटव, छोटेलाल जाटव और सुगेंद्र यादव के रूप में हुई है. एसएसपी अंकित शर्मा का कहना है कि आरोपियों द्वारा वीडियो बनाए जाने की बात सामने आने के बाद इस पूरे मामले में एक्शन लेते हुए एफआईआर दर्ज कर दी गई है और सभी बिंदुओं पर जांच जारी है. इस मामले में स्थानीय पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी.
सुनसान राहों पर घूमते दबंगों की यह गुंडागर्दी इस बात का सबूत है कि समाज में कानून का खौफ पैदा करना कितना जरूरी हो चुका है. बिहार के जमुई में हुई घटना के बाद बदायूं में इस तरह की घटना महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है. हालांकि, बदायूं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है.