)
लखनऊ/जयपाल: भुवनेश्वर से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट को शुक्रवार रात बीच रास्ते में लखनऊ उतारना पड़ा. विमान में 175 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे. पायलट की ओर से न्यूनतम फ्यूल की सूचना मिलने के बाद विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया. जानकारी के मुताबिक फ्लाइट नंबर 6E2452 ने भुवनेश्वर से वाराणसी के लिए उड़ान भरी थी. वाराणसी पहुंचने से पहले विमान को वहां के एयरस्पेस में करीब दो बार चक्कर लगाना पड़ा.
बताया जा रहा है कि उसी दौरान दूसरी फ्लाइटों को लैंडिंग की अनुमति मिल रही थी, लेकिन इस फ्लाइट को क्लीयरेंस नहीं मिला. इसी बीच फ्यूल कम होने की स्थिति सामने आई और पायलट ने लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला लिया. विमान रात करीब 9 बजकर 3 मिनट पर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया.
लैंडिंग के समय विमान में कुल 181 लोग थे, जिसमें यात्री और क्रू दोनों शामिल थे. लैंडिंग के दौरान किसी भी यात्री को कोई दिक्कत नहीं हुई. लखनऊ उतरने के बाद यात्रियों ने पहले विमान से उतरने में हिचक दिखाई. यात्रियों का कहना था कि उन्हें वाराणसी ही पहुंचाया जाए. काफी समझाने के बाद यात्री नीचे उतरे. एयरलाइन की ओर से रात में ठहरने की व्यवस्था की गई और यात्रियों को लखनऊ के होटलों में ठहराया गया.
शुरुआत में योजना थी कि विमान रात 9:45 बजे ही लखनऊ से रवाना हो जाएगा. बाद में इस योजना में बदलाव किया गया. एक समय विमान को बिना यात्रियों के कोलकाता भेजने की भी तैयारी थी, लेकिन बाद में वह योजना रद्द कर दी गई. आखिर में संशोधित संचालन योजना के तहत फ्लाइट का नंबर बदल दिया गया. अब यही विमान फ्लाइट नंबर 6E9071 बनकर शनिवार सुबह 9 बजे लखनऊ से वाराणसी के लिए रवाना हुआ. सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर फ्लाइट ने वाराणसी के लिए उड़ान भरी.
एविएशन नियमों में न्यूनतम फ्यूल की सूचना का मतलब यह होता है कि विमान के पास अब ज्यादा देर तक हवा में रहने के लिए फ्यूल नहीं है. यह सीधे तौर पर फ्यूल इमरजेंसी नहीं होती, लेकिन अगर देरी और बढ़ती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी. इसी वजह से समय रहते डायवर्जन का फैसला लिया गया. एयरपोर्ट अधिकारियों की ओर से वाराणसी में भीड़ को वजह बताया गया, जबकि एटीसी से मिली जानकारी में फ्यूल की बात सामने आई. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि दूसरी फ्लाइटों को अनुमति मिलने के बाद भी इस फ्लाइट को क्लीयरेंस क्यों नहीं मिला. एयरलाइन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.