App

कुर्सी बचाने के लिए नेतन्याहू की नई चाल: विरोधी को दिया PM बनने का ऑफर, क्या है रोटेशन फॉर्मूला वाला दांव?

इजरायल में चुनाव पूरे होने के बावजूद सरकार बनाने को लेकर अबतक खींचतान जारी है. यहां याशार पार्टी के चीफ गादी आइजनकोट ने लिकुड पार्टी पर बातचीत के लिए देरी करने का आरोप लगाया है. वहीं, नेतन्याहू ने आइजनकोट के पास पावर शेयरिंग डील का ऑफर रखने का विचार किया है.

कुर्सी बचाने के लिए नेतन्याहू की नई चाल: विरोधी को दिया  PM बनने का ऑफर, क्या है रोटेशन फॉर्मूला वाला दांव?

Isreal Politics: इजरायल में राष्ट्रपति की कुर्सी को लेकर चल रही खींचतान के बीच याशार पार्टी के चीफ गादी आइजनकोट ने 8 दिन के अंदर नई सरकार बनाने की बात कही है. इसको लेकर उन्होंने पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी पर आरोप लगाया कि वह किसी समझौते तक पहुंचने के वास्तविक इरादे के बिना ही बातचीत कर रही है. वहीं, नेतन्याहू ने आइजनकोट के साथ पावर शेयरिंग डील का ऑफर रखने पर विचार किया है, जिसमें रोटेशनल प्रधानमंत्री की मांग रखी गई है. हालांकि, पीएम ऑफिस के कई अधिकारी इस ऑफर के प्रति असहमत हैं. वहीं, आइजनकोट भी नेतन्याहू के किसी भी ऑफर पर भरोसा करते नहीं दिख रहे हैं. ऐसे में वह अगले हफ्ते नई सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं.  

'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू नई सरकार के गठन को लेकर चल रही कोशिशों के बीच गादी आइजनकोट को रोटेशनल सरकार में प्रधानमंत्री का पद देने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें नेतन्याहू दूसरे प्रधानमंत्री के तौर पर काम करने को तैयार हैं. कान पब्लिक ब्रॉडकास्टर के मुताबिक, यह ऑफर अनऑफिशियल चैनल्स के जरिए बताया जाएगा, जिससे लिकुड को इसे मानने से इनकार करने का मौका मिलेगा, क्योंकि इस ऑफर को लेकर पार्टी के अंदर मतभेद बने हुए हैं. 

नेतन्याहू की पार्टी पर बातचीत में देरी का आरोप

आजनकोट ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच दो हफ्तों में पांच बैठकें हुईं, लेकिन लिकुड ने ठोस प्रस्ताव रखने या अहम मुद्दों पर समझौता करने से मना कर दिया. इन मुद्दों में सरकार से कट्टर दक्षिणपंथी दलों को हटाना, 7 अक्टूबर 2023 के हमले की जांच के लिए एक सरकारी आयोग बनाना और सैन्य सेवा के दायरे को बढ़ाने वाला कानून पास करना शामिल था.

आइजनकोट ने लिकुड पर आरोप लगाया कि वह विपक्ष को बांटने और एक और चुनाव कराने के लिए जानबूझकर बातचीत में देरी कर रहा है. न्यूज एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि उनके गुट ने न्यायिक सुधारों और प्रस्तावित जांच के मामले में काफी समझौते करने की पेशकश की थी. इसके जवाब में लिकुड ने आइजनकोट पर राजनीतिक दोहरा खेल खेलने का आरोप लगाया. लिकुड का दावा है कि आइजनकोट पहले से ही एक वैकल्पिक गठबंधन बनाने, मंत्रियों के विभाग बांटने और अरब दलों का समर्थन लेने की तैयारी कर रहे हैं, जिन्हें लिकुड ने आतंकवाद का समर्थक बताया है.

नेतन्याहू की मांग

इस बीच, इजरायल के विपक्षी गुट 'टुगेदर' के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने कहा कि वह एक यूनिटी गवर्नमेंट बनाना पसंद करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसा करना मुमकिन नहीं हुआ, तो उनका गुट किसी दूसरे विकल्प के साथ आगे बढ़ेगा. इस महीने की शुरुआत में नेतन्याहू ने एक यूनिटी गवर्नमेंट बनाने का आग्रह किया था.  उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान से बढ़ते खतरे को देखते हुए देश को एकजुट रहना चाहिए. 

नेतन्याहू की चेतावनी

इजरायल की नवनिर्वाचित संसद के पहले सत्र के बाद बोलते हुए नेतन्याहू ने चेतावनी दी कि देश पर जल्द ही एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय दबाव आ सकता है. यह दबाव ईरान को परमाणु हथियारों से लैस देश के रूप में स्वीकार करने और वहां के मौजूदा शासन को बनाए रखने के लिए हो सकता है. नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि यह शासन इजरायल के अस्तित्व के लिए ही खतरा है. उन्होंने कहा,' बेहद जल्द हमें एक ऐसे ईरान को स्वीकार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना करना पड़ सकता है, जो परमाणु हथियारों से लैस हो. साथ ही हमें उस आतंकी शासन को भी बनाए रखने के लिए कहा जा सकता है, जो हमें पूरी तरह खत्म करना चाहता है.' 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More