App

हाथरस में भीषण सड़क हादसा: बस ने टेंपो को रौंदा, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

हाथरस में एक ही परिवार के चार लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई. भीषण हादसे का सीएम योगी ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों को तत्काल उपचार के निर्देश दिए हैं.

हाथरस में भीषण सड़क हादसा: बस ने टेंपो को रौंदा, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत
Image Credit: जी संवाददाता

यूपी के हाथरस में भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां प्राइवेट बस ने एक टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में 2 सगी बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई. टेंपो में सवार लोग अलीगढ़ जिले के नौसेरवला इलाके के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य थे. ये लोग गुरुग्राम (गुड़गांव) में काम करते थे.

नौरंगाबाद शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार

बताया गया कि सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में हाजी वारिस की बेटी की शादी में शामिल होने जा रहे थे. परिवार के लोग पहले गुड़गांव से हाथरस पहुंचे. इसके बाद यहां से टेंपो से शादी में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान प्राइवेट बस ने टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया.

हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

कुछ घायलों को अकराबाद सीएचसी और गंभीर घायलों को अलीगढ़ भेजा गया. मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हाथरस भेज दिए गए. हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से भाग गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखी जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है.

हाथरस हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख

हाथरस सड़क हादसे पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने हादसे में चार लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने को कहा है.

सीओ ने क्या कहा?

सीओ अमित पाठक ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. बस चालक हादसे के बाद भाग गया. उसकी तलाश की जा रही है. घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है. 

(हाथरस से सुमित कुमार की रिपोर्ट)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More