)
पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी को लेकर बांसवाड़ा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. गढ़ी पंचायत समिति की पालोदा ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति (SC) महिला के लिए आरक्षित वार्ड में एक पुरुष प्रत्याशी ने चुनाव लड़ लिया. इतना ही नहीं, वह चुनाव जीतकर वार्ड पंच भी बन गया और इसके बाद उपसरपंच चुनाव की प्रक्रिया में भी शामिल हुआ. अब मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे लापरवाही का प्रकरण मानते हुए राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दिया है.
मामला पालोदा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 7 का है. राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित आरक्षण लॉटरी में यह वार्ड SC महिला के लिए आरक्षित किया गया था. नियमानुसार इस सीट पर अनुसूचित जाति वर्ग की महिला ही चुनाव लड़ सकती थी. लेकिन यहां राकेश बुनकर नाम के पुरुष प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया. उनका नामांकन स्वीकार हुआ, चुनाव हुआ और वे जीतकर वार्ड पंच बन गए. पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान यह गंभीर विसंगति सामने नहीं आ सकी.
अधिकारी बोले- लापरवाही का मामला सामने आया, आयोग को भेजी रिपोर्ट
इस मामले को लेकर गढ़ी SDM ने बताया कि मामला सामने आने के बाद इसे लापरवाही का प्रकरण माना गया है. इस संबंध में निर्वाचन आयोग को लिखकर भेज दिया गया है. अब इस मामले में निर्वाचन आयोग जो भी निर्णय लेगा, वही अंतिम होगा.
RO ने भी मानी गलती, बोले- ध्यान नहीं रहा कि सीट महिला आरक्षित है
वहीं, रिटर्निंग ऑफिसर से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि यह गलती से हुआ. उनके अनुसार, नामांकन स्वीकार करते समय इस बात पर ध्यान नहीं रहा कि संबंधित वार्ड महिला के लिए आरक्षित है. इसी चूक के चलते पुरुष प्रत्याशी का आवेदन स्वीकार हो गया और चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न करवा दी गई.
नामांकन से लेकर उपसरपंच चुनाव तक नहीं पकड़ी गई चूक
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल निर्वाचन प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों पर उठ रहा है. आरक्षण की लॉटरी से लेकर नामांकन पत्रों की जांच, प्रत्याशियों की अंतिम सूची, मतदान और मतगणना तक कई स्तरों पर चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई. इसके बावजूद आरक्षित सीट पर पुरुष प्रत्याशी का चुनाव लड़ना और जीतना किसी स्तर पर नहीं रोका जा सका. इसके बाद वार्ड पंचों के माध्यम से उपसरपंच का चुनाव भी हो गया.
अब निर्वाचन आयोग के फैसले पर टिकी नजरें
जिला प्रशासन की ओर से मामला निर्वाचन आयोग को भेजे जाने के बाद अब सबकी नजर आयोग के निर्णय पर है. सवाल यह भी है कि क्या इस चुनाव को लेकर कोई कार्रवाई होगी? क्या वार्ड पंच के निर्वाचन पर कोई प्रभाव पड़ेगा? क्या संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी? इन सभी सवालों का जवाब अब निर्वाचन आयोग के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल पालोदा ग्राम पंचायत का यह मामला पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में आरक्षण नियमों के पालन और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
महिला की सीट पर 5 पुरुष लड़े चुनाव
पालोदा पंचायत के वार्ड 7 जो की SC महिला के लिए आरक्षित सीट थी उसमे पुरुषो ने चुनाव लड़ा, इस वार्ड से पांच पुरुषो ने चुनाव लड़ा जिसमे राकेश बुनकर ने जीत हासिल की, राकेश का कहना है की उन्हें नहीं बताया गया की यह सीट महिला के लिए आरक्षित है, अगर बताया गया होता तों वो अपनी पत्नी को लड़ता, खेर राकेश ने कहा है की जो निर्वाचन विभाग निर्देश करेगा में उसका पालन करूँगा.