हमीरपुर में भारी बवाल: 3 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, आरोपी का एनकाउंटर, घर पर चला बुलडोजर
हमीरपुर में तीन साल की मासूम के साथ रेप और हत्या के बाद भारी बवाल हो गया. गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की.
यूपी के हमीरपुर में 3 साल की दलित मासूम के साथ कथित दरिंदगी के बाद की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला आरोपी मासूम को बहला फुसलाकर खेत में ले गया, जहां उसके साथ दरिंदगी की. इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और घर लौट कर परिजनों के साथ मासूम को खोजने के दौरान परिजनों को गुमराह करने का प्रयास करने लगा.
एनकाउंटर में आरोपी घायल
वहीं, सूचना पर भारी पुलिस बल और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे साक्ष्य संकलित करने के बाद पुलिस ने जब शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो परिजन और स्थानीय लोग उग्र हो गए और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी. इससे पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया और हिरासत में लिए गए आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची तो पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया. इससे पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
यह है पूरा मामला
मामला मुस्करा थाना क्षेत्र का है, जहां करीब 3 वर्षीय मासूम दलित बच्ची का खेत में शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. क्राइम सीन से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. परिजनों द्वारा पड़ोसी पर मासूम के साथ दरिंदगी और हत्या का आरोप लगाने के बाद पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी. और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के दौरान ग्रामीणों का आक्रोश फैल गया.
गुस्साए लोगों ने पुलिस वाहनों में की तोड़फोड़
गुस्साए परिजनों ने मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी. हालात बिगड़ते देख आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई. देखते ही देखते घटनास्थल और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. इसके बाद उच्चाधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और स्थिति को संभाला. पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि पुलिस आरोपी हीरालाल को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां पूछताछ और जानकारी लेने के दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया. जवाबी कार्रवाई में हीरालाल के दोनों पैरों में गोली लग गई. उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है.
आरोपी के घर चला बुलडोजर
वहीं, मासूम से दरिंदगी और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के घर बाबा का बुलडोजर चला. जिला प्रशासन ने आरोपी के घर को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया. मकान के बाहर निकले हिस्से को जमींदोज कर दिया गया. वहीं, परिजनों ने एनकाउंटर के बाद बुलडोजर की कार्यवाही और आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की. एसडीएम ने बताया कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चला है.
(हमीरपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा PNB में करोड़ों की हेराफेरी का मामला: गुस्साए किसानों ने बैंक में जड़ा ताला, CBI कर रही जांच