ग्रेटर नोएडा में PNB हेराफेरी मामले में CBI का एक्शन: बैंक कर्मचारी समेत दो गिरफ्तार, ऐसे उड़ाई गाढ़ी कमाई
ग्रेटर नोएडा पीएनबी से लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले दो शातिर अपराधियों को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है.
ग्रेटर नोएडा PNB में 10.24 करोड़ रुपये की हेराफेरी के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई ने बैंक के एक कर्मचारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में PNB की ग्रेटर नोएडा पाई ब्रांच का ऑफिस असिस्टेंट/सब स्टाफ और एक निजी व्यक्ति शामिल है.
29 अक्टूबर को मिली थी शिकायत
CBI के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को पाई ब्रांच की पीएनबी में 10.24 करोड़ रुपये गायब होने की शिकायत मिली थी. इसके बाद केस दर्ज किया गया था. आरोप है कि बैंक कर्मचारी ने एक निजी व्यक्ति और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर साजिश रची और ग्राहकों के विभिन्न बैंक खातों से बिना अनुमति के 10.24 करोड़ रुपये की रकम निकालकर हड़प ली. CBI ने आज मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआई कर रही जांच
सीबीआई ने बताया कि निजी आरोपी आशुतोष कुमार पाठक को पुणे (महाराष्ट्र) की विशेष CBI अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है. फिलहाल CBI मामले की जांच कर रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं? तथा ग्राहकों के खातों से निकाली गई रकम कहां ट्रांसफर की गई?.
बैंक अधिकारियों ने क्या कहा?
बता दें कि एक दिन पहले ही पीएनबी के बाहर सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए थे. गुस्साए लोगों ने पीएनबी में ताला जड़ा दिया था. इसके बाद भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया था. वहीं, बैंक अधिकारियों का कहना है कि 10 से ज्यादा पीड़ितों का पैसा वापस कर दिया गया है. बाकी लोगों का पैसा ब्याज सहित वापस किया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा में डबल एनकाउंटर
वहीं, ग्रेटर नोएडा के जेवर में पुलिस और हत्या के मामले में वांछित दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेरू उर्फ शेर मोहम्मद निवासी जहांगीरपुर और मौसीम निवासी पहासू, बुलंदशहर के रूप में हुई है.
(ग्रेटर नोएडा से भूपेश प्रताप की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा PNB में करोड़ों की हेराफेरी का मामला: गुस्साए किसानों ने बैंक में जड़ा ताला, CBI कर रही जांच