SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मैट्रिमोनियल साइट पर तलाशता था दुल्हन, शादी के बाद करता था ब्लैकमेल! पकड़ा गया 15 महिलाओं से शादी करने वाला शातिर ठग

गाजियाबाद पुलिस ने 35 वर्षीय नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है. उस पर मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 15 महिलाओं से शादी करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये ऐंठने का आरोप है. मेरठ की एक महिला से भी 18 लाख रुपये लेने का आरोप है.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 24, 2026, 21:46 IST | Updated: Nov 24, 2026, 21:50 IST
Image Credit: Ghaziabad Matrimonial Fraud
Join

Ghaziabad Crime News: करोड़ों की संपत्ति का मालिक, गोवा में रिजॉर्ट और खाटू श्याम में पांच होटल होने का दावा... कुछ इसी तरह की पहचान बताकर महिलाओं को शादी के जाल में फंसाने के आरोपी नरेंद्र शर्मा को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 35 वर्षीय नरेंद्र पर एक-दो नहीं, बल्कि 15 महिलाओं से शादी करने का आरोप है. इतना ही नहीं, शादी के बाद महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये ऐंठने का भी आरोप है. उसके कथित ठगी के जाल के तार दिल्ली-एनसीआर से लेकर राजस्थान और महाराष्ट्र तक जुड़े हैं.

मैट्रिमोनियल साइट पर तलाशता था महिलाएं

मिली जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र शर्मा मैट्रिमोनियल साइट पर शादी के लिए महिलाओं की तलाश करता था. वह खुद को करोड़ों की संपत्ति का मालिक बताता था. महिलाओं को भरोसे में लेने के लिए गोवा में रिजॉर्ट और खाटू श्याम में पांच होटल होने का दावा करता था. आरोप है कि लग्जरी लाइफ और झूठी पहचान दिखाकर वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था.

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लिए 18 लाख रुपये

मेरठ की एक पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद नरेंद्र ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर उससे करीब 18 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए थे. जब महिला को शक हुआ तो उसे पता चला कि आरोपी दूसरी महिलाओं के साथ भी इसी तरह रिश्ते बना रहा था. इसके अलावा अलग-अलग शहरों में महिलाओं को किराये के फ्लैट में रखने की बात भी सामने आई है.

शादी के बाद ब्लैकमेल करने का आरोप

नरेंद्र शर्मा पर शादी के बाद महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और पैसे ऐंठने का भी आरोप है. फिलहाल गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अब सवाल यह है कि मैट्रिमोनियल साइट पर झूठी पहचान के सहारे महिलाओं को निशाना बनाने वाला नरेंद्र आखिर कितनी महिलाओं के साथ ठगी कर चुका है. इसकी पूरी तस्वीर सामने आना अभी बाकी है.

वैभव शर्मा की रिपोर्ट

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES