)
Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. युवती ने अपने साथ काम करने वाले दो युवकों पर गैंगरेप करने और अन्य साथियों पर वारदात में उनका साथ देने का आरोप लगाया है.
एक ही कैफे में काम करते थे सभी
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के 'कैफे 8' में काम करती है. अन्य आरोपी भी इसी कैफे में उसके साथ काम करते हैं. बीती रात युवती समेत आठ लोग प्रीत विहार स्थित 'सल्तनत' नाम के कैफे में पार्टी करने पहुंचे थे.
देर रात बंद कैफे को खोलकर की पार्टी
सल्तनत कैफे रात 11:30 बजे बंद हो गया था. हालांकि, इनमें से एक व्यक्ति के पास कैफे की चाबी थी. इसके बाद कैफे खोलकर सभी ने अंदर पार्टी की. बताया जा रहा है कि इस दौरान सभी ने शराब पी और देर रात करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकले.
दो युवकों पर गैंगरेप करने का आरोप
कैफे से बाहर निकलने के कुछ देर बाद 22 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया. युवती का आरोप है कि वहां मौजूद अन्य साथियों ने भी वारदात में आरोपियों का साथ दिया. मामले में पीड़िता की दो महिला साथियों की भी कथित भूमिका सामने आई है.
दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने युवती के आरोपों के आधार पर गैंगरेप की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है. वहीं, तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.