शादी के 9 दिन बाद पति की मौत, नहीं मानी हार! कॉन्स्टेबल से DSP बनीं मिथिला चतुर्वेदी, 37 साल के संघर्ष की कहानी
यूपी पुलिस की मिथिला चतुर्वेदी शादी के महज 9 दिन बाद विधवा हो गई थीं. 1989 में कॉन्स्टेबल के पद से नौकरी शुरू की और 37 साल के सफर में DSP बनीं. पुलिस झंडा दिवस पर लखनऊ में डीजीपी विनोद कुमार सिंह ने पिपिंग सेरेमनी कर उन्हें सम्मानित किया.
जिंदगी में कभी-कभी ऐसे हालात सामने आते हैं, जब आगे का रास्ता दिखाई नहीं देता. लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस की मिथिला चतुर्वेदी ने मुश्किल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी. शादी के महज नौ दिन बाद पति की मौत हो गई थी. इसके बाद उन्होंने खुद को संभाला, पुलिस की नौकरी शुरू की और करीब 37 साल की मेहनत के बाद पुलिस उपाधीक्षक (लिपिक) यानी DSP के पद तक पहुंच गईं. सोमवार, 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस पर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए सम्मानित किया गया.
शादी के 9 दिन बाद पति का निधन
मिथिला चतुर्वेदी का जन्म 30 अक्टूबर 1968 को इटावा में हुआ था. साल 1988 में उनकी शादी उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल से हुई थी. लेकिन शादी के सिर्फ नौ दिन बाद पति का असामयिक निधन हो गया. इतनी कम उम्र में जिंदगी की बड़ी चुनौती सामने थी. हालांकि मिथिला ने हिम्मत नहीं हारी और आगे बढ़ने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें- दिल्ली की जामा मस्जिद थाने में खूनी हमला! 9 पुलिसकर्मियों को मारे चाकू, आरोपी गिरफ्तार
1989 में कॉन्स्टेबल बनीं, फिर लगातार मिली पदोन्नति
पति के निधन के बाद मृतक आश्रित नियमावली, 1974 के तहत 28 नवंबर 1989 को मिथिला चतुर्वेदी ने यूपी पुलिस में आरक्षी (लिपिक) के पद पर नौकरी शुरू की. मेहनत और अनुशासन के दम पर 1993 में सहायक उप निरीक्षक (लिपिक), 2016 में उप निरीक्षक (लिपिक) और 2021 में निरीक्षक (लिपिक) बनीं. नवंबर 2026 में उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (लिपिक) के पद पर पदोन्नति मिली.
पुलिस झंडा दिवस पर हुई पिपिंग सेरेमनी
वर्तमान में मिथिला चतुर्वेदी उत्तर प्रदेश के सीआईडी मुख्यालय में तैनात हैं. 23 नवंबर 2026 को पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सीआईडी के पुलिस महानिदेशक विनोद कुमार सिंह ने उनकी पिपिंग सेरेमनी संपन्न कराई. इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके संघर्ष और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की. मिथिला चतुर्वेदी का सफर बताता है कि मुश्किल परिस्थितियों में भी मेहनत और हौसले के साथ आगे बढ़ा जा सकता है.