SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हरदोई के नामचीन मिर्चाराम स्वीट्स पर छापा, फ्रिज में मिले चूहे और काला फफूंद; कारोबार बंद कराने के निर्देश

Hardoi News: हरदोई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस के साथ शनिवार को शहर के मशहूर मिर्चाराम स्वीट्स पर अचानक छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया. इस दौरान वहां फ्रिज में चूहे और काला फफूंद मिले. खाद्य विभाग की टीम ने कारोबार बंद कराने के निर्देश दिये हैं.

Written By Gunateet Ojha
Published: Aug 29, 2026, 08:29 PM IST | Updated: Aug 29, 2026, 08:33 PM IST
Image Credit: Mircharam Sweets
Join

हरदोई/आशीष द्विवेदी: हरदोई शहर के प्रसिद्ध मिठाई एवं स्नैक्स प्रतिष्ठान मिर्चाराम स्वीट्सपर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ अचानक छापेमारी की. निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली. खाद्य सुरक्षा मानकों की कई गंभीर कमियां सामने आने के बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रतिष्ठान का कारोबार बंद कराने के निर्देश दिए. विभाग की ओर से प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान सामने आई स्थिति ने प्रतिष्ठान की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. टीम ने खाद्य पदार्थों को तैयार करने और उन्हें सुरक्षित रखने के तरीके के साथ-साथ कच्चे माल के रखरखाव और परिसर की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया.

फ्रिज में मिला चूहों का कब्जा, कई जगह काला फफूंद
जांच के दौरान टीम को प्रतिष्ठान के फ्रिज के अंदर चूहों का कब्जा मिला. इसके अलावा परिसर में कई स्थानों पर काला फफूंद (Black Fungus)जमा हुआ पाया गया. कच्चे खाद्य पदार्थों को भी साफ-सुथरे तरीके से रखने के बजाय गंदगी के बीच बेतरतीब ढंग से रखा गया था.

परिसर के फर्श पर कई जगह गंदा पानी जमा मिला. किचन की स्थिति भी खराब पाई गई. निरीक्षण के दौरान तैयार खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले, जिससे उनकी स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हुए.

मिठाइयों में सिंथेटिक कलर के इस्तेमाल का आरोप
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री में बड़ी मात्रा में सिंथेटिक कलर के इस्तेमाल की बात भी सामने आने की जानकारी दी है. अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है. रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

रस मलाई समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान रस मलाई, राजभोग, चमचम, पनीर और खोया के पांच नमूने एकत्र किए. सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है. प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और नियमावली-2011 के Schedule-4 के तहत मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद ही प्रतिष्ठान में दोबारा कारोबार शुरू किया जा सकेगा.

2024 में भी वायरल हुआ था फफूंद वाला दही बड़ा
मिर्चाराम स्वीट्स से जुड़ा ऐसा मामला करीब दो साल पहले वर्ष 2024 में भी सामने आया था. उस समय प्रतिष्ठान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में एक ग्राहक ने दही बड़े में सड़न और फफूंद होने का आरोप लगाया था.

वायरल वीडियो में दही से निकालकर दही बड़े को चम्मच से तोड़े जाने पर उसके अंदर काले रंग की फफूंद जैसी परत दिखाई देने का दावा किया गया था. उस घटना को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी.

शहर में लंबे समय से है प्रतिष्ठान की पहचान
मिर्चाराम स्वीट्स हरदोई शहर का पुराना और चर्चित मिठाई एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठान बताया जाता है. इसकी मुख्य दुकान सिनेमा रोड पर सिनेमा चौराहे के पास स्थित है. प्रतिष्ठान की अन्य शाखाएं भी शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित होने की जानकारी है. यह दुकान रसगुल्ला, दही बड़ा, खीर, छोला पुलाव और जलेबी जैसे खाद्य पदार्थों के लिए लंबे समय से जानी जाती रही है.

अन्य दुकानों पर भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटखोरी और अस्वच्छता के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों के अनुसार अन्य रिटेल स्टोर, मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी. मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों शैलेंद्र श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह पटेल और कुमार चित्रसेनकी टीम ने पुलिस बल के साथ की.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES