देहरादून में कंटेनर अनियंत्रित होकर कार पर पलटा, सहारनपुर के 4 लोगों की दबकर मौत
देहरादून के मोहब्बेवाला में एक कंटेनर अनियंत्रित होकर बराबर चल रही कार पर पटल गया. हादसे में कार सवार सभी लोग कंटेनर के नीचे दब गए. चार लोगों की मौत हो गई.
देहरादून के मोहब्बेवाला में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां अनियंत्रित कंटेनर पलट गया. इनके नीचे कार फंस गई. हादसे में सहारनपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. वहीं, 6 साल का एक मासूम बच्चा सुरक्षित है. हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कंटेनर बराबर में चल रही एक कार के ऊपर पलट गया. हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान विश्वेष कपूर, उनकी मां किरण कपूर, पत्नी निशा कपूर और कार चालक नीरज के रूप में हुई है. वहीं, परिवार के छह वर्षीय मासूम बेटे माहेर की जान बच गई.
सहारनपुर के रहने वाले थे मृतक
मृतक सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के गोकुलधाम एंक्लेव के रहने वाले थे. हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार का मकान फिलहाल खाली पड़ा है और घर पर कोई मौजूद नहीं है. घटना की जानकारी मिलने के बाद घर के बाहर पड़ोसियों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. सभी लोग इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख जता रहे हैं. पूरे इलाके में मातम जैसा माहौल है.
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
वहीं, जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जालौन कोतवाली क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 209.2 के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरा. हादसे के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से चालक और परिचालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई.
चालक को नींद आने के बाद ट्रक पलटा
दरअसल, ट्रक मैनपुरी से ईंट लादकर झांसी की ओर जा रहा था. बुधवार सुबह करीब 3 बजे चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गया. नीचे गिरते ही वाहन में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि चालक और परिचालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों ट्रक के अंदर ही फंसे रह गए.
तीन घंटे तक चला रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे. करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के जले हुए अवशेष बाहर निकाले जा सके. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों के शव कंकाल में तब्दील हो चुके थे.
यह भी पढ़ें : यूपी में काल बनी तेज रफ्तार: थार ने ली दो भाइयों की जान, पिकअप की टक्कर से मजदूर का कटा हाथ; मचा हंगामा