मैं अयोध्या से लड़ने को तैयार, आप भी नामांकन कीजिए.. अखिलेश की चुनौती पर CM योगी का करारा जवाब
Yogi Adityanath: पिछले दिनों अयोध्या दौरे पर पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज किया था. अब सीएम योगी ने चैलेंज स्वीकार कर लिया है.
CM Yogi in Balrampur: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को बड़ा चैलेंज कर दिया. सीएम योगी ने अखिलेश को अयोध्या से पर्चा भरने काे कहा है, उन्होंने कहा कि अयोध्या से आमने-सामने चुनाव हो जाए. आइए आप भी अयोध्या से नामांकन कीजिये, मैं भी एक बार अपनी किस्मत आजमाउंगा.
अखिलेश यादव को किया चैलेंज
पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचे थे. वहां अखिलेश यादव ने दावा किया था कि बीजेपी को अयोध्या से कोई कैंडिडेट नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया था. अब सीएम योगी ने उनके चैलेंज को स्वीकार कर लिया है. शनिवार को बलरामपुर पहुंचे सीएम योगी ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. साथ ही अखिलेश के चैलेंज पर बड़ा हमला बाेला है.
अखिलेश आइए अयोध्या से नामांकन करिए
सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश हमें कहते हैं कि मुख्यमंत्री अयोध्या से चुनाव लड़ कर दिखाएं. अखिलेश जी अयोध्या हमारी पावन धाम है. हम सियासत के लिए नहीं विकास के लिए अयोध्या जाते हैं. जिस अयोध्या को तुम 3 से 4 घंटे बिजली देते थे, जिस अयोध्या को तुमने गंदगी का अंबार बना दिया था, आज वह अयोध्या रामराज्य का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करवा रही है. उन्होंने कहा कि अखिलेश भी अयोध्या से नामांकन करें, मैं भी एक बार अपनी किस्मत आजमाउंगा. आइए आपको ऑफर देता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी, चलिए एक बार किस्मत आजमा लेते हैं. उन्होंने कहा कि लड़ाई चेलों से क्यों?
पीडीए का मतलब पराया धन अपना
इस दौरान सीएम योगी ने PDA का मतलब पराया धन अपना बताया. उन्होंने कहा कि PDA का मतलब परिवार डेवेलपमेंट पार्टी है. सीएम योगी ने बलरामपुर के विकास को लेकर कहा कि आपका एक वोट जो कभी पहचान का संकट खड़ा करता था, इस क्षेत्र को तस्करी का क्षेत्र बनाता था, वही वोट आज तस्करी नहीं इस क्षेत्र के तरक्की का कारण बन रहा है, वही वोट इस क्षेत्र में बदमाशों की अराजकता का नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के बदलाव का कारण बन जाता है.
विपक्ष पर हमला बोला
उन्होंने कहा, एक वोट यहां के विकास का आधार बनकर परिवर्तन की नई धारा के साथ आगे बढ़ाकर आकांक्षात्मक जनपद से आगे बढ़ाकर संभावना वाले जनपद के रूप में सफल होता है. वहीं, विपक्ष पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो लोग राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के बाधक थे, वे आज पीएम मोदी का विरोध कर रहे हैं. विरोध की भी एक सीमा होती है. कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सामान्य शिष्टाचार भूल चुके हैं. लोकतांत्रिक विरोध से ऊपर उठकर इन्होंने बेशर्मी के साथ गाली गलौज की भाषा में सारी संस्कारों को तिलांजलि देकर देश को गुमराह कर अराजकता की ओर बढ़ाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं.
'सपा के गुंडे व्यापारियों को धमकाते थे'
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अराजकता कैसे होती थी? जिस जमीन पर माफिया पैर रख देता था, उस जमीन पर उसका कब्जा हो जाता था. समाजवादी गुंडे जिस व्यापारी को फोन करके धमका देते थे, उसकी प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लेते थे. इस क्षेत्र में विकास की बात क्या करें? 2017 के पहले सबसे खराब सड़कें इसी जनपद की होती थीं. मेरी सरकार ने इस क्षेत्र का विकास करने में कोई कोताही नहीं की.
अखिलेश यादव ने दिया जवाब
सीएम योगी के चैलैंज के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का जवाब आया है. अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा... अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफी है. चोरों को क्लीन चिट देने वाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं. दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी. लोकसभा भूल गए क्या? और बाकी कसर अयोध्या की वो माताएं पूरा कर देंगी जिन्होंने सरेआम दुखी मां का अपमान करते हुए दुर्व्यवहारी दंभियों को देखा है. अपने इंटर्नल सर्वे में आपको ये बात पता चली कि नहीं कि अयोध्या में आपकी तरफ से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता है. पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं.