मां की भक्ति में लीन सीएम योगी: नवरात्रि के पहले दिन की शक्ति उपासना, गोरक्षपीठ में गूंजे वैदिक मंत्र
Gorakhpur News: सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर पहुंचे. यहां गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन किए. साथ ही कलश स्थापना भी की.
नागेन्द्र मणि त्रिपाठी/गोरखपुर: गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन किए. इसके बाद उन्होंने ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और मंदिर के संतों-महंतों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना. शारदीय नवरात्रि के पहले दिन आज गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में सीएम योगी मंदिर के शक्तिपीठ में कलश स्थापना की. शाम पांच बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अनुष्ठान किया. वहीं, सोमवार को मुख्यमंत्री बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान वितरित करेंगे और शिक्षक मतदाता संवाद कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे.
कलश स्थापना की
नवरात्रि के पहले दिन गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां जगतजननी की विशेष आराधना करेंगे. रविवार शाम पांच बजे मंदिर के शक्तिपीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना की. इसी के साथ देवीभागवत और श्रीदुर्गासप्तशती के पाठ का शुभारंभ होगा. गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार, इस विशेष अनुष्ठान में लोककल्याण की कामना के साथ मां दुर्गा की उपासना की जाएगी.
बाढ़ प्रभावित किसानों की करेंगे मदद
वहीं, मुख्यमंत्री का सोमवार को भी गोरखपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित है. योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में वह बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान वितरित करेंगे. इसके बाद महंत दिग्विजयनाथ पार्क में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड के एमएलसी चुनाव को लेकर आयोजित शिक्षक मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
कन्या पूजन कर सीएम योगी ने मांगी प्रदेश की सुख-समृद्धि
वहीं, बलरामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गौशाला में गोसेवा की. मुख्यमंत्री ने गायों को चारा और गुड़ खिलाया. अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उन्होंने कन्या पूजन किया और कन्याओं को चुनरी भेंट कर उनका सम्मान किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सरोकारों सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी. इस दौरान बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला.
स्टडी टेबल पाने वाले बच्चों को दिया आशीर्वाद पत्र
स्टडी टेबल मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद पत्र भेजने वाले बच्चों को उन्होंने आशीर्वाद पत्र और स्टेशनरी सामग्री भेंट की. मुख्यमंत्री से उपहार पाकर बच्चे खुश नजर आए. स्टडी टेबल मिलने पर बच्चों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद पत्र भेजा था. कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों में उत्साह दिखाई दिया.