पंचकूला के बाद नोएडा के नामी स्कूल में बर्बरता: दूसरी के छात्र को 15 बच्चों ने बेरहमी से पीटा, मैनेजमेंट पर FIR
पंचकूला के स्कूल का वीडियो वायरल हो ही रहा था कि वैसा ही मामला नोएडा के एक नामी स्कूल से सामने आ गया. यहां कक्षा 2 के छात्र को करीब 15 बच्चों ने मिलकर मारापीटा.
पंचकूला के संस्कृति स्कूल में केजी की छात्रा से तीसरी के छात्र द्वारा बर्बरता के बाद अब ऐसा ही मामला नोएडा के एक नामी स्कूल से सामने आया है. नोएडा के एक नामी स्कूल में दूसरी कक्षा के सात साल के छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. सेक्टर-71 के ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे के पिता ने आरोप लगाया है कि स्कूल में 15 से अधिक बच्चों ने उनके बेटे को फर्श पर गिराकर बेरहमी से पीटा. घर पहुंचने के बाद बच्चे ने जब अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया, तो परिवार के होश उड़ गए. मामले में बच्चे के पिता चिराग ढींगरा ने थाना फेस-3 में स्कूल के बच्चों और स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है.
20 मिनट तक पिटाई करने का आरोप
पीड़ित बच्चे के पिता का आरोप है कि उनका बेटा 27 अक्टूबर को रोजाना की तरह स्कूल गया था. वहां दूसरे बच्चों ने उसे फर्श पर गिराकर पीटा. पिता के मुताबिक, बच्चे को करीब 20 मिनट से ज्यादा समय तक पीटा जाता रहा. उन्होंने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन आरोप है कि मैनेजमेंट ने फुटेज दिखाने में आनाकानी की. पिता का कहना है कि काफी प्रयास के बाद उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई. उनका दावा है कि फुटेज में कई बच्चे उनके बेटे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. मामले को लेकर पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने और घटना को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है.
जांच में जुटा स्कूल मैनेजमेंट
वहीं, मामले के सामने आने के बाद स्कूल मैनेजमेंट भी अपने स्तर पर आंतरिक जांच में जुटा है. थाना फेस-3 क्षेत्र के इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर नजर रहेगी. सवाल यह है कि स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले लोगों की मौजूदगी में आखिर ऐसी घटना कैसे हुई. बता दें कि पंचकूला के संस्कृति स्कूल में केजी की छात्रा से तीसरी में पढ़ने वाले एक छात्र ने बर्बरता की हदें पार कर दीं. सीसीटीवी में कैद घटना में देखा जा सकता है कि तीसरी का छात्र केजी की छात्रा को पत्थर मारता है. इसके बाद बाल घसीटकर पैरों से पीटता है.
वीडियो देख दंग रह जाएंगे
पंचकूला में आरोपी छात्र की दरिंदगी देखकर हर कोई हैरान हो जाएगा. वीडियो में दिख रहा है कि छात्र ने बच्ची का सिर पहले बेंच पर पटका इसके बाद दर्जनों बार उसे पैर से मारता रहा. फिर बाल पकड़कर घसीटा. बाद में ईंट से कई बार बच्ची के सिर पर वार किया. एक मिनट से ज्यादा समय तक बच्ची को बेरहमी से पीटता रहा. पूरे मामले में स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है.
(नोएडा से विजय कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : खेलते हुए लापता हुआ 10 साल का अमन, चाचा ने ही घोंटा गला... मुजफ्फरनगर कांड से सहमा UP