App

बेटी-रोटी के रिश्तों में दरार! नेपाल में सब्जी बेचने से रोकने पर भारतीय किसान भड़के, बॉर्डर पर घंटों जाम रहा

भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों को अपनी सब्जियां नेपाल के बाजारों में बिक्री के लिए ले जाने पर नेपाल सशस्त्र बल (APF) की तरफ से रोक लगा दिया गया. इसके बाद किसान भड़क गए और बॉर्डर पर जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. किसानों ने जयनगर थाना के बेतौन्हा-माड़र बॉर्डर और हथलेटवा बॉर्डर की सड़क को घंटों जाम किया.

बेटी-रोटी के रिश्तों में दरार! नेपाल में सब्जी बेचने से रोकने पर भारतीय किसान भड़के, बॉर्डर पर घंटों जाम रहा
Image Credit: नेपाल बॉर्डर पर किसानों का उग्र प्रदर्शन (Photo-AI)

भारतीय किसानों ने मधुबनी के नेपाल बॉर्डर सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया. किसानों ने नेपाल में सब्जी ले जाकर बेचने से नेपाली एपीएफ (APF) पुलिस पर रोकने और मारपीट का आरोप लगाया है. दर्जनों किसानों ने जयनगर थाना के बेतौन्हा-माड़र बॉर्डर और हथलेटवा बॉर्डर की सड़क को घंटों जाम किया. सड़क ब्लॉक होने से दोनों देशों के बीच आवागमन बाधित रहा.

नेपाल सरकार के नए-नए नियमों का असर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देखा जा रहा है. लगता है कि वर्षों पुराने बेटी-रोटी के संबंधों में दरार पड़ने लगी है. शनिवार को सीमावर्ती गांवों के भारतीय किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया. जयनगर थाना अंतर्गत बेतौंहा गांव स्थित नेपाल के माड़र से सटे बॉर्डर कस्टम चेक पोस्ट मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध किया गया.

दर्जनों किसानों ने बॉर्डर को घंटों जाम रखा. भारत-नेपाल दोनों देशों के बीच आवागमन वाले अंतरराष्ट्रीय सीमा बॉर्डर के मुख्य मार्ग के घंटों जाम रहने से दोनों देशों के आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे.

पीड़ित किसान भोला सिंह, उमेश सिंह, सुरेश यादव, घनश्याम सिंह, धर्मनाथ सिंह समेत अन्य ने बताया कि भारतीय किसानों के खेत नेपाल से सटे हुए हैं, जहां वे सब्जी उपजाकर वर्षों से नेपाल के सीमावर्ती बाजारों में बिक्री करते आ रहे हैं. मगर, नेपाल सरकार के नए फरमान को लेकर एपीएफ की तरफ से सब्जी को नेपाल के माड़र बाजार ले जाने पर इसे कमर्शियल बताकर रोक लगा दिया गया है.

बता दें कि नेपाल से सटे छर्रापट्टी, कमलावाड़ी, अर्राहा, बेतौंहा, हथलेटवा समेत अन्य भारतीय सीमावर्ती गांवों के किसान सब्जी उपजाकर नेपाल के सीमावर्ती बाजारों में बिक्री करते आ रहे हैं. किसानों द्वारा सब्जी लेकर माड़र और हथलेटवा बॉर्डर के रास्ते नेपाल जाने पर एपीएफ की ओर से वरीय अधिकारियों के निर्देश का हवाला देते हुए नेपाल में प्रवेश पर रोक लगा दी गई.

आक्रोशित किसानों ने भारतीय क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के कस्टम चेक पोस्ट के पास एकत्रित होकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आवागमन बाधित कर दिया. इससे दोनों देशों के बीच पैदल और वाहनों का आवागमन घंटों प्रभावित रहा.

घंटों जाम में फंसे नेपाल के सिरहा जिला के लहान गांव निवासी मरीज के परिजन मो. अबूल ऐस ने अपनी सरकार के सिस्टम के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली. दोनों देशों के बीच आवागमन घंटों प्रभावित होने की सूचना मिलने पर माड़र एपीएफ डीएसपी पादम खादक दल-बल के साथ बॉर्डर पर पहुंचे. वहीं, एसएसबी बेतौंहा बीओपी के इंस्पेक्टर एमएस विश्वकर्मा भी जवानों के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया.

इस मामले में पूछे जाने पर नेपाल के सिरहा जिला के माड़र बॉर्डर के एपीएफ डीएसपी पादम खादक ने बताया कि वरीय अधिकारियों के आदेश पर कमर्शियल (व्यापारीक रूप से) सब्जी के नेपाल प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जबकि दैनिक उपयोग के लिए पूरी छूट है. उन्होंने बताया कि 10 से 20 किलो तक सब्जी भारत से नेपाल ले जाई जा सकती है.

रिपोर्ट: बिंदु भूषण

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More