App

छठी मइया के जयकारों से गूंजे घाट: आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, छठ पूजा में CM योगी भी होंगे शामिल

छठ महापर्व पर आज डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. लखनऊ में सीएम योगी भी छठ पूजा में शामिल होंगे. जानिए सूर्य को अर्घ्य देने का शुभ समय.

छठी मइया के जयकारों से गूंजे घाट: आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, छठ पूजा में CM योगी भी होंगे शामिल
Image Credit: Chhath Puja Sandhya Arghya

लखनऊ: लोक आस्था का महापर्व छठ आज पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है. आज छठ के तीसरे दिन व्रती डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके लिए सुबह से ही नदी, तालाब और घाटों पर तैयारियां चल रही हैं. छठी मइया के गीतों से घर से लेकर घाट तक पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है.

लखनऊ में छठ घाट पर पहुंचेंगे CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छठ पूजा के अवसर पर राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के तट पर (लक्ष्मण मेला घाट) अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य देंगे. उन्होंने छठ महापर्व पर सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को बधाई दी है. CM योगी ने सोशल मीडिया पर लिखा — “भगवान सूर्य की उपासना, लोक आस्था और छठी मइया की आराधना के महापर्व छठ पूजा की सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”उन्होंने प्रार्थना की कि सूर्यदेव और छठी मइया सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता लाएं। पोस्ट के अंत में उन्होंने “जय छठी मइया” भी लिखा।

खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत

शनिवार को छठ के दूसरे दिन व्रतियों ने खरना किया. दिनभर उपवास के बाद शाम को रसियाव और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया. इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया. आज रविवार को व्रती बिना अन्न-जल के डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. सुबह के अर्घ्य के साथ ही चार दिन का छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा.

कब दिया जाएगा अर्घ्य?

रविवार, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य, शाम 5:24 बजे
सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य, सुबह 6:37 बजे

छठ को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है. घाटों पर पहुंचकर व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता की कामना करेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More