SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

उगते सूर्य को अर्घ्य संग छठ महापर्व का समापन: लखनऊ से नोएडा तक घाटों पर बिखरी भक्ति की छटा, दउरा उठाकर पहुंचे रवि किशन

उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही यूपी समेत देशभर में छठ पूजा का आज समापन हो गया है. लखनऊ के लक्ष्मण मेला स्थल, अयोध्या के सरयू घाट, गोरखपुर के भीम सरोवर और नोएडा स्टेडियम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. रवि किशन दउरा उठाकर छठ घाट पहुंचे.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 16, 2026, 07:28 IST | Updated: Nov 16, 2026, 07:34 IST
Join

लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा का आज यानी सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही समापन हो गया. पूरे उत्तर प्रदेश में सुबह से ही छठ घाटों पर आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. लखनऊ के लक्ष्मण मेला स्थल से लेकर रामनगरी अयोध्या के सरयू घाट, नोएडा स्टेडियम, आजमगढ़ के नदियों व पोखरों और गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर स्थित भीम सरोवर तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा.

गोरखपुर में दउरा लेकर पहुंचे रवि किशन
गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर के भीम सरोवर के छठ घाट पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जमा रही. इस दौरान गोरखपुर से भाजपा सांसद और एक्टर रवि किशन शुक्ला भी एक आम श्रद्धालु की तरह सिर पर पूजा का 'दउरा' रखकर घाट पर पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ छठ पूजा की रस्में निभाईं. उन्होंने छठी मैया का गीत गाया और देश-विदेश में छठ मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं.

सांसद ने सभी को दी छठ की बधाई
मीडिया से बात के दौरान रवि किशन ने अपनी खुशी जाहिर की. बीजेपी सांसद ने कहा कि मैं गोरखनाथ मंदिर में हूं, और यहां लोगों की भारी भीड़ देवी माँ की भक्ति में डूबी हुई है. सबकी प्रार्थनाएं पूरी हों. पूरे भारत, कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका, कनाडा, लंदन, यूरोप जहां कहीं भी छठ मनाया जा रहा है, सभी को बहुत बधाई. 

रवि किशन ने आगे कहा कि छठी मैया की कृपा वास्तव में अपार और अलौकिक है. हमारा गोरखपुर लगातार और अधिक भव्य होता जा रहा है. यहां माताएं, बहनें, बेटियां, बुजुर्ग और बच्चे सभी एकत्रित हैं. सुबह के सवा छह बज चुके हैं, भले ही मौसम में बादल और कोहरा है, लेकिन सूर्य देव यहीं विद्यमान हैं और उनका आशीर्वाद हम सभी के साथ है.

लखनऊ, अयोध्या और नोएडा में भी रही धूम
लखनऊ के गोमती तट के लक्ष्मण मेला स्थल पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. वहीं, श्रीराम की नगरी अयोध्या के सरयू घाट पर भी सुबह की पहली किरण के साथ छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज उठे और श्रद्धालुओं ने पावन जल में खड़े होकर सूर्य देव को नमन किया.

दिल्ली-एनसीआर से सटे नोएडा में भी छठ महापर्व की जबरदस्त रौनक देखने को मिली. नोएडा स्टेडियम में बने कृत्रिम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. महापर्व के अंतिम दिन यहां पूजा-अर्चना के साथ-साथ जमकर आतिशबाजी भी हुई, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया. 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद अर्घ्य देकर व्रतियों ने पारण किया और इसी के साथ लोकआस्था के इस महापर्व का समापन हो गया.

यह भी पढ़िए: छठ घाटों पर आस्था की अनुपम छटा: व्रतियों ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य, 36 घंटे का निर्जला व्रत

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES