हरदोई में दर्दनाक हादसा: बहन की डिलीवरी की थी खुशी, अस्पताल पहुंचने से पहले उजड़ गया परिवार; कार की टक्कर से 3 लोगों की मौत
Hardoi Road Accident: हरदोई में कोतवाली शहर क्षेत्र के बावन रोड पर समुदा गांव के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हरदोई की ओर से आ रही कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार मां-बेटे और बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई. तीनों एक ही परिवार से थे और मेडिकल कॉलेज जा रहे थे. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. परिवार में कोहराम मच गया.
Hardoi Road Accident/ आशीष द्विवेदी: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. शहर कोतवाली क्षेत्र के बावन रोड के समुदा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार मां, उनके बेटे और बहनोई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.
डिलीवरी के लिए मेडिकल कॉलेज जा रहे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, लोनार थाना क्षेत्र के भुवनपुरवा गांव निवासी सोहेल (20) पुत्र सर्वेश, अपनी मां गुड्डी (50) पत्नी सर्वेश और अपने बहनोई रमेश कुमार (35) पुत्र निवासी रामापुर छैया (थाना लोनार) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरदोई मेडिकल कॉलेज जा रहे थे. बताया जा रहा है कि सोहेल की बहन कामिनी को प्रसव (डिलिवरी) के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था.
बहन की डिलीवरी की खुशी में परिवार के तीनों सदस्य जरूरी सामान और व्यवस्था देखने के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन किसे मालूम था कि अस्पताल में नए जीवन की किलकारियां सुनने से पहले ही काल रास्ते में उनका इंतजार कर रहा है.
टक्कर इतनी तेज कि बाइक के उड़े परखच्चे
जैसे ही इनकी बाइक बावन रोड पर समुदा गांव के समीप पहुंची, तभी हरदोई की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही तीनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद चालक अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा.
हादसे से गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर तीनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक ही परिवार की तीन जिंदगियां खत्म हो जाने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. जिस घर में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जाने वाली थीं, वहां अब केवल चीख-पुकार और मातम का माहौल है.